नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) के नए नियमों का संगठन विरोध कर रहे हैं। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि अभिनेता शाह रुख खान ने UGC के नए नियमों का समर्थन किया है। उन्होंने इसके बारे में कथित रूप से कहा है, “जो लोग शिक्षा सुधार चाहते हैं, उन्हें UGC बिल का समर्थन करना चाहिए – क्योंकि बदलाव यहीं से शुरू होता है।”
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। शाह रुख खान ने यूजीसी को लेकर इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। फर्जी बयान को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘pragyagautamibaudhh’ ने 27 जनवरी 2026 को पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “जो लोग शिक्षा सुधार चाहते हैं, उन्हें UGC बिल का समर्थन करना चाहिए— क्योंकि बदलाव यहीं से शुरू होता है।” शाहरुख खान
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी ऐसी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें शाह रुख खान के इस बयान का जिक्र किया गया हो। अगर सच में शाह रुख खान ने इस तरह का कोई बयान दिया होता, तो उससे जुड़ी कोई न कोई न्यूज रिपोर्ट जरूर मौजूद होती।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने शाह रुख खान के एक्स, इंस्टाग्राम और फेसबुक के आधिकारिक अकाउंट्स को भी खंगाला। हमें वहां भी दावे से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने शाह रुख की पीआर पर्सन (पब्लिक रिलेशन्स) शिल्पा हांडा से संपर्क किया। उन्होंने वायरल बयान को फर्जी बताया है।
क्या है पूरा विवाद
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए समता विनियमन (इक्विटी रेगुलेशन) को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। नए नियम में अनुसूचित जाति और जनजाति के साथ साथ ओबीसी को भी जोड़ा गया है और दुरुपयोग होने पर कार्रवाई जैसा प्रविधान हटा दिया गया है। जिसके कारण इसका सबसे ज्यादा विरोध हो रहा है।

अंत में हमने इंस्टाग्राम पर गलत पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 17.7 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यूजीसी के नए नियमों के समर्थन को लेकर शाहरुख खान का वायरल बयान गलत है। शाहरुख खान ने यूजीसी को लेकर इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। फर्जी बयान को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: UGC विवाद के बीच शाह रुख खान का फेक बयान वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments