What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: अजित पवार के विमान हादसे का नहीं है वायरल वीडियो, वेनेजुएला में हुई थी यह घटना

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक विमान हादसे का खौफनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक छोटे विमान को रनवे पर उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त होते और आग के गोले में तब्दील होते देखा जा सकता है। यूजर्स इस वीडियो को साझा करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान के क्रैश होने का दृश्य है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो भारत का नहीं, बल्कि दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला का है, जहां अक्टूबर 2025 में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। अजित पवार का विमान हाल ही में बारामती में लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ था, जिसमें उनकी और विमान में सवार सभी 5 लोगों की मृत्यु हो गई थी।

क्या है वायरल पोस्ट में?

‘सरकारी जीजाजी’ नाम के फेसबुक यूजर (Archive) ने 28 जनवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए इसे अजित पवार के प्लेन क्रैश का बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी लिखा कि वे इस बात की पुष्टि नहीं करते हैं कि वीडियो उसी घटना का है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, “A video has surfaced of Deputy CM Ajit Pawar’s plane crash. We cannot confirm whether this video is authentic or not.”

पड़ताल

जांच की शुरुआत के लिए हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च और संबंधित कीवर्ड्स के जरिए खोजा। खोज के दौरान हमें ‘The Mirror‘ और ‘Moneycontrol‘ की 23 अक्टूबर 2025 की खबरें मिलीं, जिनमें वायरल फुटेज देखा जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना वेनेजुएला के पुएर्टो कैबेलो (Puerto Cabello) के ‘बार्टोलोमे सालोम एयरपोर्ट’ की है, जब 23 अक्टूबर 2025 को एक निजी विमान उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई थी।

अजित पवार के विमान के साथ क्या हुआ था?

बुधवार, 28 जनवरी 2026 की सुबह करीब 8:45 बजे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया। वे मुंबई से बारामती जा रहे थे, जब उनका चार्टर्ड विमान (Learjet 45) बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। DGCA और पुलिस रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में अजित पवार, उनके दो स्टाफ सदस्य (PSO और अटेंडेंट) और दो क्रू मेंबर्स सहित कुल 5 लोगों की मृत्यु हुई है।

वायरल वीडियो और बारामती की भौगोलिक स्थिति में जमीन-आसमान का अंतर है। वीडियो में ऊंचे और घने पहाड़ साफ देखे जा सकते हैं, जबकि बारामती एयरपोर्ट का इलाका समतल है।

इस विषय में हमने मुंबई में मिड-डे के वरिष्ठ संवाददाता समीउल्लाह खान से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा, “सोशल मीडिया पर जो वीडियो अजित पवार के प्लेन हादसे का बताकर वायरल किया जा रहा है, वह पूरी तरह भ्रामक है। वह फुटेज बारामती का नहीं है। बारामती में लैंडिंग के समय हादसा हुआ था, जबकि वायरल वीडियो में विमान को उड़ान भरते (take-off) समय गिरते हुए देखा जा सकता है।”

वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर ‘सरकारी जीजाजी’ के 4000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: अजित पवार के विमान हादसे का नहीं है वायरल वीडियो, वेनेजुएला में हुई थी यह घटना appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments