What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: कीर स्टार्मर को पब से बाहर निकालने का वीडियो उनके ब्रिटेन का पीएम बनने से पहले का है, हालिया नहीं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति को कीर स्टार्मर को खरी-खोटी सुनाते हुए पब से बाहर निकलने के लिए कहते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि पब मालिक ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को मुंह पर घूंसा मारा और उन्हें पब से बाहर निकाल दिया।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की तो पता चला कि यह मामला अप्रैल 2021 का है। उस समय एक पब मालिक ने कीर स्टार्मर को COVID-19 लॉकडाउन नीतियों को लेकर खरी-खोटी सुनाई थी। स्टार्मर 5 जुलाई 2024 को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने थे। घटना के समय स्टार्मर पीएम नहीं थे। यह वीडियो पहले भी ऐसे ही मिलते-जुलते दावे के साथ वायरल हो चुका है, जिसकी विश्वास न्यूज ने पड़ताल की थी।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर Vikas Raj Sharma ने 12 जनवरी 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “एक पब मालिक ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को मुंह पर घूंसा मारा और उन्हें अपने पब से बाहर निकाल दिया, साथ ही उनकी नाकामियों को लेकर उनसे जमकर सवाल-जवाब किए। कीर स्टारमर चुपचाप सुनते रहे और चले गए। अगर भारत में कोई पार्षद के साथ भी ऐसा करने की हिम्मत करता, तो अगले दिन उसका पता ही नहीं चलता।

british pm keir starmer old video of pub owner viral

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इंडिपेंडेंट की वेबसाइट पर 9 जुलाई 2021 को छपी खबर में वायरल वीडियो के हिस्सों को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, “लेबर नेता कीर स्टार्मर को बाथ शहर में एक पब से बाहर निकाल दिया गया। उन्हें एक पब मालिक ने बाहर निकाला, जिसने शहर के दौरे के दौरान ब्रिटेन के कोविड रिस्पॉन्स के लिए विपक्षी नेता को जिम्मेदार ठहराया।”

british pm keir starmer old video of pub owner viral

The Telegraph के यूट्यूब चैनल पर 19 अप्रैल 2021 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है।

यूके सरकार की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, कीर मई 2015 में होलबोर्न और सेंट पैनक्रास से संसद सदस्य चुने गए। उन्हें अप्रैल 2020 में लेबर पार्टी का नेता चुना गया। 5 जुलाई 2024 को वह प्रधानमंत्री बने।

सरकारी वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, कंजर्वेटिव पार्टी के नेता बोरिस जॉनसन 24 जुलाई 2019 से 6 सितंबर 2022 तक यूके के प्रधानमंत्री रहे।

इससे यह साबित होता है कि वायरल वीडियो उस समय का है, जब कीर यूके के प्रधानमंत्री नहीं थे।

इससे पहले जब अगस्त 2024 में यह वीडियो वायरल हुआ था, उस समय विश्वास न्यूज ने दैनिक जागरण के लिए विदेश मामले कवर करने वाले वरिष्ठ संवाददाता जेपी रंजन से बात की थी। उन्होंने भी वीडियो को 2021 का बताया था।

पुराने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। जयपुर के रहने वाले यूजर के करीब 1400 फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: कीर स्टार्मर को पब से बाहर निकालने का वीडियो उनके ब्रिटेन का पीएम बनने से पहले का है, हालिया नहीं appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments