What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बिल्डिंग में हुए धमाके का यह वीडियो बांग्लादेश नहीं, यूक्रेन का है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बांग्लादेश में हाल में अल्पसंख्यकों पर हुई हिंसा से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें अँधेरे में एक बहुमंजिला इमारत में जोरदार धमाका होते हुए देखा जा सकता है। धमाके के बाद बिल्डिंग जलने लगती है। अब इस वीडियो को बांग्लादेश से जोड़ते हुए दावा किया जा रहा है कि देश में हालिया घटनाओं के दौरान यह धमाका हुआ है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। इस वीडियो का बांग्लादेश से कोई संबंध नहीं है। यह यूक्रेन का जून 2025 का वीडियो है, जब वहां की रिहायशी बिल्डिंग में हमला हुआ था।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर ‘राधेश्याम तोमर’ ने वायरल पोस्ट को 26 दिसंबर 2025 को शेयर करते हुए लिखा, “हो गया बांग्लादेश में बम ब्लास्ट। जय श्री राम। जय बजरंगबली। जिसको खुशी हुई हो लिखे जय जय सियाराम।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की -फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो वॉर इन मोमेंटी नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 7 सितंबर 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ कोई जानकारी नहीं दी गई है।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें ‘आई लव यूक्रेन न’ नाम के फेसबुक पेज पर भी यही वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 14 जून को अपलोड हुई इस पोस्ट के अनुसार, यह यूक्रेन  के ज़ापोरिज़्ज़िया के एक रिहायशी इलाके पर शाहेद ड्रोन से हमले का वीडियो है।

यह वीडियो हमें और भी कई सोशल मीडिया हैंडल पर जून में यूक्रेन में हुए हमले के हवाले से अपलोड किया हुआ मिला।

वायरल वीडियो और यूक्रेन के वीडियो का कोलाज नीचे देखा जा सकता है।

 सर्च में हमें लोगों के जरिए  शूट किये गए वीडियो की लइकेन्सिंग की वेबसाइट न्यूज फ्लेयर  डॉट कॉम पर 14 जून 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां जानकारी के अनुसार, 14 जून 2025 को यूक्रेन के ज़ापोरिज़्ज़िया में ड्रोन हमले का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में सैन्य ठिकानों पर हमले के बाद कई धमाके और आग दिखाई देती है। हमले से पहले तेज़ विमान जैसी आवाज़ सुनाई देती है और फिर ज़ोरदार विस्फोट होता है, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण में अंतरराष्ट्रीय मामलों को कवर करने वाले सीनियर संवाददाता जय प्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वो बांग्लादेश के हलिया मामले को कवर कर रहे हैं, लेकिन बांग्लादेश में इस तरह का कोई धमाका नहीं हुआ है।

बता दें, बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में 27 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की ईशनिंदा के कथित आरोप में की गई नृशंस हत्या ने भारत समेत वैश्विक स्तर पर आक्रोश पैदा कर दिया है। रिपोर्टों के अनुसार, एक उग्र भीड़ ने युवक को बेरहमी से पीटने के बाद उसके शव को पेड़ से लटकाकर आग लगा दी थी है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘राधेश्याम तोमर’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को एक लाख 6 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। इस वीडियो का बांग्लादेश से कोई संबंध नहीं है। यह यूक्रेन का जून 2025 का वीडियो है, जब वहां की रिहायशी बिल्डिंग में हमला हुआ था।

The post Fact Check: बिल्डिंग में हुए धमाके का यह वीडियो बांग्लादेश नहीं, यूक्रेन का है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments