What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : प्रशांत किशोर ने नहीं दिया कुशवाहा समाज को लेकर वायरल बयान, फर्जी क्लिप वायरल

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बिहार चुनाव की घोषणा के बाद जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर से जुड़ी एक क्लिप वायरल हो रही है। इसमें उन्‍‍हें कथित रूप से कुशवाहा समाज को धमकी देते हुए दिखाया गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल क्लिप की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। दरअसल प्रशांत किशोर के एक इंटरव्‍यू के अलग-अलग हिस्‍सों के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है। इस क्लिप का इस्‍तेमाल प्रशांत किशोर के खिलाफ किया जा रहा है। हमारी जांच में वायरल पोस्‍ट में इस्‍तेमाल की गई क्लिप एडिटेड साबित हुई।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक बीरेंद्र कुमार ने एक क्लिप को पोस्‍ट करते हुए लिखा, “गलत बोल दिए प्रशांत किशोर जी आप ऐसे किसी जाति को अपशब्द नहीं बोला जाता है आपको 2025 के चुनाव में कुशवाहा समाज बता देगा।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल क्लिप की जांच के लिए सबसे पहले इसे ध्‍यान से देखा। इसमें हमें सिटी पोस्‍ट लिखा हुआ नजर आया। इसके आधार पर हमने यूट्यबू पर इस नाम के चैनल को सर्च किया। हमें City Post live नाम का एक चैनल मिला। यहां सर्च करने पर हमें प्रशांत किशोर का असली और पूरा इंटरव्‍यू मिला। इस इंटरव्‍यू की पूरी अवधि 57 मिनट 16 सेकेंड है।

इंटरव्यू के दौरान 26 वें मिनट में प्रशांत किशोर कहते हैं, “कुशवाहा समाज का आदमी क्यों रोड पर आएगा? क्या आरोप गलत लगाया है? क्या जिन लोगों की हत्या की गई है, वह कुशवाहा समाज के नहीं थे? क्या लालूजी ये कह सकते हैं कि हमारा लड़का छोड़कर कोई यादव समाज का लड़का होगा नेता राजद का? कह सकते हैं क्या मांझी जी कह देंगे कि कोई दूसरा मुसहर समाज का आदमी नेता होगा? प्रशांत किशोर कह सकते हैं, जन सुराज में ये बात कहा जा सकता है कि प्रशांत किशोर नहीं, जो भी काबिल व्यक्ति है, वो जनसुराज में आगे बढ़ सकता है।”

इसके बाद महिला पत्रकार के दूसरे सवाल के जवाब में प्रशांत किशोर कहते हैं, “अभी तो आप हमको धमका रही थीं कि कल होके एनडीए वाला जीत जाएगा तो आपको बड़ा दिक्कत होगा, अभी आप हमको सीएम बनाने लगे, आप सिचुएशन समझ लीजिए कि अगर जन सुराज का सीएम बन गया तो सम्राट चौधरी का क्या होगा? ये आप हमको धमकी दे रहे हो आप यह समझ लो, हम तो अभी से लोगों को कह रहे हैं ये भ्रष्ट नेता और अफसर जितना पूजा-पाठ जानते हो करना शुरू कर लो भाई, पूजा-पाठ, आरती, मन्नत जो करना है कर लो, नवरात्र बढ़िया से करो, ये मनाओ कि जन सुराज किसी तरह ना जीते, अगर जीता तो तुम्हारी खैर नहीं है, जितना लूटे हो नामी-बेनामी, सब तुमसे वसूल लिया जाएगा।”

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने जनसुराज के एक्‍स हैंडल को स्‍कैन किया । वहां हमें 2 अक्‍टूबर की एक पोस्‍ट मिली। इसमें वायरल क्लिप की सच्‍चाई बताते हुए ऑरिजिनल और एडिटेड वीडियो का अंतर बताया गया।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए जनसुराज पार्टी के प्रवक्ता विवेक कुमार से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि प्रशांत किशोर के दो अलग-अलग जवाबों को एडिट करके वायरल क्लिप तैयार की गई है। यह पूरी तरह से फर्जी है। प्रशांत किशोर कभी भी किसी भी समाज के लिए ऐसा नहीं बोल सकते हैं।

जांच के अंत में हमने फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की । बीरेंद्र प्रकाश नाम के इस यूजर को फेसबुक पर आठ सौ से ज्‍यादा लोग फॉलाे करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की जांच में प्रशांत किशोर की वायरल क्लिप फर्जी साबित हुई। प्रशांत किशोर के दो अलग-अलग जवाब को एडिट करके इस वायरल क्ल्पि को तैयार किया गया है।

The post Fact Check : प्रशांत किशोर ने नहीं दिया कुशवाहा समाज को लेकर वायरल बयान, फर्जी क्लिप वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments