What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : ‘आई लव मोहम्मद’ फोटो फ्रेम को वापस किए जाने का असदुद्दीन ओवैसी का अधूरा वीडियो फर्जी संदर्भ में वायरल  

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन (आईआईएमएम) के चीफ और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। 9 सेकंड के इस वीडियो में कुछ लोग ओवैसी के साथ ‘आई लव मोहम्मद’ का पोस्टर पकड़े हुए नजर आ रहे हैं। पोस्टर में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा है और गुंबद-ए-खजरा (मदीना में धार्मिक स्थल) बना है। वहीं, इसमें ओवैसी की तस्वीर भी नजर आ रही है, जिसको एक व्यक्ति ने हाथ से ढका हुआ है।

वीडियो में ओवैसी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “मुझे गुनहगार मत बनाओ, ये आप ही रख लो।” इसी वीडियो को इस दावे से वायरल किया जा रहा है कि ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर को लेकर चल रहे विवादों से बचने के लिए ओवैसी ने पोस्टर लेने से इनकार र कर दिया।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। कुछ लोगों ने ओवैसी को ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर दिया था। पोस्टर में गुंबद-ए-खजरा (मदीना में धार्मिक स्थल) के बगल में उनकी खुद की तस्वीर भी लगी हुई थी। जिस पर उन्होंने फोटो फ्रेम पर अपनी तस्वीर को हाथ से ढकने के लिए कहा। और यह कहते हुए वापस कर दिया कि ‘कहां मुझे गुनहगार बना रहे हो’। इस वीडियो का सन्दर्भ अदब से था, न कि ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर को लेकर चल रहे विवादों से बचने के लिए। वीडियो को फर्जी दावे से फैलाया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर प्रमोद शर्मा ने 6 अक्टूबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “ओवैसी ने आई लव मोहम्मद की तस्वीर लेने से किया मना बोले, मुझे इस झमेले में मत फसाओ #ilovemuhammad.”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वीडियो के संदर्भ की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स निकाले और उन्हें सर्च किया। सर्च करने पर हमें एतेमाद डेली के इंस्टाग्राम हैंडल पर इस मामले से जुड़ा पूरा वीडियो मिला। 3 अक्टूबर 2025 को अपलोड वीडियो में देख सकते हैं कि कुछ लोगों की भीड़ ओवैसी को ‘आई लव मोहम्मद’ का पोस्टर पकड़ाती है, वह पोस्टर पकड़कर फोटो भी खिंचाते हैं। हालांकि, तभी उनकी नजर पोस्टर में उनकी खुद की तस्वीर पर पड़ती है। जिस पर वह अपनी तस्वीर को हाथ से छुपाने के लिए कहते हैं। और फिर यह पोस्टर यह कहते हुए वापस कर देते हैं, “कहां गुंबद-ए-खजरा कहां मैं , हाथ रखो इस पर… ये नहीं करना चाहिए, कहा आप लोग मुझे गुनहगार बना रहे हो।”

सर्च में हमें इसी मामले से जुड़ी खबर टीवी9 हिंदी डॉट कॉम की वेबसाइट पर भी मिली। 3 अक्टूबर की खबर के अनुसार, “सोशल मीडिया पर AIMIM चीफ और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ओवैसी आई लव मोहम्मद लिखा पोस्टर लेने से इनकार कर रहे हैं। दरअसल उस पोस्टर में एक ओर गुंबद-ए-खजरा (मदीना में धार्मिक स्थल) का फोटो लगा है और दूसरी ओर ओवैसी का फोटो लगा है। इसके साथ ही पोस्टर पर आई लव मोहम्मद लिखा हुआ है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक समर्थक उन्हें ये पोस्टर भेंट कर सम्मानित कर रहा है। समर्थक के पोस्टर देने के बाद ओवैसी हंसकर उसे कबूल करते हैं। तभी उनकी नजर उस पोस्टर में बने उनकी तस्वीर पर जाती है, जो गुंबद-ए-खजरा के ठीक बगल में लगी होती है। ऐसे में पहले तो ओवैसी उसे ढकने को कहते हैं। इसके बाद पोस्टर देने वाला अपने हाथ से उनकी तस्वीर को ढक देता है। आवैसी इस पर अपने समर्थक से कहते हैं कि कहां गुंबद-ए-खजरा और कहां मैं। इसके बाद ओवैसी समर्थकों से कहते हैं कि ये पोस्टर अपने पास ही रखें। उन्होंने यह पोस्टर सम्मान सहित लौटा दिया।”

3 अक्टूबर की एनडीटीवी की खबर के अनुसार, “देशभर में आई लव मोहम्मद विवाद इन दिनों खूब चर्चा में है। इस बीच मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी को आई लव मोहम्मद वाली तस्वीर तोहफे में दी। ओवैसी ने पहले तो उसे ले लिया। लेकिन जैसे ही उन्होंने देखा कि गुंबद-ए-खजरा के बगल में उनकी तस्वीर भी है, तो वो थोड़े नाराज हो गए। उन्होंने उन्होंने फोटो फ्रेम पर अपनी तस्वीर ढकने के लिए कहा। वहां मौजूद किसी शख्स ने उनकी फोटो को अपने हाथ से ढक दिया। उन्होंने कहा कि इसे आप ही रखो और फिर वो वहां से निकल गए।”

हिंदुस्तान टाइम्स की 6 अक्टूबर की खबर के अनुसार, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ‘आई लव मुहम्मद’ पोस्टर विवाद पर कहा कि यह नारा गैरकानूनी नहीं है और उन्हें इसे लेकर किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। 

वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने असदुद्दीन ओवैसी से संपर्क करते हुए उनके साथ यह वीडियो शेयर किया। उन्होंने वायरल वीडियो के बारे में बात बताया, ”इस वीडियो को गलत दावे से फैलाया जा रहा है, मैं ‘आई लव मोहम्मद’ कम्पैन में अपना कई बार पक्ष रख चुका हूँ।”

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर प्रमोद शर्मा के बायो के अनुसार वह नोएडा स्थित पत्रकार हैं। वहीं उनको एक हजार लोग फॉलो करते हैं।

The post Fact Check : ‘आई लव मोहम्मद’ फोटो फ्रेम को वापस किए जाने का असदुद्दीन ओवैसी का अधूरा वीडियो फर्जी संदर्भ में वायरल   appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments