What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: सरकार बदलने पर राहुल गांधी ने नहीं दी हिंदुओं के खिलाफ ‘कार्रवाई’ की धमकी, वायरल वीडियो एडिटेड है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने सरकार बदलने पर हिंदुओं के खिलाफ ‘कार्रवाई’ किए जाने की धमकी दी है। वायरल वीडियो में उन्हें बीजेपी की सरकार बदलने पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए सुना जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड और ऑल्टर्ड है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी संस्थाओं पर भेदभावपूर्ण तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने सरकार बदलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी, लेकिन वायरल वीडियो से सीबीआई और ईडी के संदर्भ को हटा दिया गया है, जिससे बयान के मायने / मतलब बदल जा रहे हैं।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘_sanatan.fauj’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) क्लिप को शेयर किया है, जिस पर लिखा हुआ है, “राहुल गांधी हिंदुओं को खुलेआम धमकी देता हुआ…बीजेपी सरकार हटने के बाद हिंदुओं से चुन चुन कर बदला लेगा राहुल गांधी।”

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो में राहुल गांधी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “…..किसी न किसी दिन बीजेपी की सरकार बदलेगी और फिर कार्रवाई होगी। ऐसी कार्रवाई होगी कि मैं गारंटी कर रहा हूं कि ये फिर से कभी नहीं होगा।”

वायरल वीडियो को सुनकर  यह स्पष्ट हो जाता है कि यह आधा-अधूरा वीडियो है। इसलिए हमने इस बयान के ऑरिजिनल वीडियो को ढूंढा। सोशल मीडिया सर्च में हमें यह वीडियो राहुल गांधी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर लगा मिला, जिसे 29 मार्च 2024 को शेयर किया गया है।

वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया है, “जब सरकार बदलेगी तो ‘लोकतंत्र का चीरहरण’ करने वालों पर कार्रवाई ज़रूर होगी! और ऐसी कार्रवाई होगी कि दोबारा फिर किसी की हिम्मत नहीं होगी, ये सब करने की। ये मेरी गारंटी है। #BJPTaxTerrorism”

यानी यह वीडियो पुराना है और इसका संदर्भ कुछ और है। वीडियो में राहुल गांधी को कहते हुए सुना जा सकता है, “अगर यह इंस्टिट्यूशंस (संस्थाएं) अपना काम करते, अगर सीबीआई अपना काम करती, ईडी अपना काम करती तो यह नहीं होता। तो उनको यह भी सोचना चाहिए। ये वो सब कर रहे हैं कि किसी ना किसी दिन बीजेपी की सरकार बदलेगी और फिर कारवाई होगी और ऐसी कारवाई होगी कि मैं गारंटी कर रहा हूं। यह फिर से कभी नहीं होगा। तो उनको भी सोचना चाहिए।”

यानी राहुल गांधी का यह बयान किसी समुदाय विशेष को लेकर नहीं, बल्कि सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों के कामकाज को लेकर था। गौरतलब है कि कांग्रेस मौजूदा केंद्र सरकार पर ईडी और सीबीआई का राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाती रही है।

सर्च में हमें कई न्यूज रिपोर्ट्स मिली, जिसमें राहुल गांधी के इस बयान का जिक्र है। लाइव हिंदुस्तान.कॉम की 15 मार्च 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, “कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को सीबीआई और ईडी जैसी जांच एजेंसियों पर गंभीर आऱोप लगाए। साथ ही उन्होंने केंद्र में कांग्रेस की सत्ता आने पर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गारंटी भी दे डाली।”

वायरल वीडियो को लेकर हमने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह राहुल गांधी के खिलाफ दुष्प्रचार का मामला है। उन्होंने जांच एजेंसियों के राजनीतिक हथियार के इस्तेमाल को लेकर चेताया था।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो पहले भी समय-समय पर चुनावी मौकों पर वायरल होता रहा है, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है। वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को इंस्टाग्राम पर करीब आठ हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: बीजेपी के सरकार में नहीं रहने पर हिंदुओं के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के दावे से वायरल हो रहा राहुल गांधी का वीडियो एडिटेड और ऑल्टर्ड है। उन्होंने हिंदुओं के खिलाफ नहीं, बल्कि सीबीआई और ईडी जैसी जांच एजेंसियों के संदर्भ में यह बयान दिया था।

The post Fact Check: सरकार बदलने पर राहुल गांधी ने नहीं दी हिंदुओं के खिलाफ ‘कार्रवाई’ की धमकी, वायरल वीडियो एडिटेड है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments