What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : संग्राम सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ एक साल पहले की थी जीत दर्ज, पुरानी तस्वीरें वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत – पाकिस्तान के बीच पिछले दिनों हुए एशिया कप क्रिकेट मैच में भारत  ने पांच विकेट से जीत हासिल करते हुए ख़िताब अपने नाम कर लिया। इसी के बाद से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। वायरल पोस्ट में कई तस्वीरों का एक कोलाज है, जिसके मुताबिक भारतीय पहलवान संग्राम सिंह ने पाकिस्तान के पहलवान को 90 सेकंड के अंदर हराकर इतिहास रच दिया। पोस्ट को हालिया बताते हुए शेयर किया जा रहा है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल की जा रही यह खबर साल 2024 की है। सितंबर 2024 में संग्राम सिंह ने गामा इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप में अपने पहले एमएमए मुकाबले में पाकिस्तानी फाइटर अली रजा नासिर को 90 सेकंड में हरा दिया था। पुरानी खबर को नया बताते हुए वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक पेज ‘वायरल टुडे’ ने 5 अक्टूबर 2025 को पोस्ट को शेयर किया जिस पर लिखा था, ”पाक पहलवान को 90 सेकेंड में धूल चटाकर संग्राम सिंह ने रचा इतिहास, कोई देशद्रोही ही होगा जो देश के जांबाज को बधाई नहीं देगा।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने न्यूज सर्च किया। न्यूज सर्च किए जाने पर हमें इसी मामले से जुड़ी 22 सितंबर 2024 की खबर मिली। खबर में दी गई जानकारी के अनुसार, “संग्राम सिंह ने गामा इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप में अपने पहले ही MMA मुकाबले में जीत हासिल की।कॉमनवेल्थ हेवीवेट कुश्ती चैंपियन ने अपने से सत्रह साल छोटे पाकिस्तानी फाइटर अली रज़ा नासिर को सिर्फ़ एक मिनट तीस सेकंड में हरा दिया। इस उपलब्धि के साथ संग्राम MMA मुकाबले में जीत हासिल करने वाले पहले भारतीय पुरुष पहलवान बन गए।”

इस मामले से जुड़ी खबर हमें 22 सितंबर 2024 को न्यूज ऑन एयर. जीओवी की वेबसाइट पर भी मिली। दी गई जानकारी के अनुसार, “भारतीय पहलवान संग्राम सिंह जॉर्जिया के त्बिलिसी में गामा इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप में एमएमए (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) मुकाबला जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष पहलवान बन गए। कॉमनवेल्थ हेवीवेट कुश्ती चैंपियन संग्राम ने पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी अली रज़ा नासिर को 90 सेकंड में हरा दिया। इसके अलावा, संग्राम ने चैंपियनशिप के 93 किलोग्राम वर्ग में किसी भारतीय पहलवान द्वारा अब तक की सबसे तेज़ जीत भी दर्ज की।”

न्यूज एजेंसी एएनआई की 22 सितंबर की खबर के अनुसार, “अंतरराष्ट्रीय पहलवान संग्राम सिंह ने जॉर्जिया के त्बिलिसी में गामा इंटरनेशनल फाइटिंग चैम्पियनशिप में अपनी पहली लड़ाई जीतकर एमएमए की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। सिंह ने पाकिस्तानी फाइटर अली रजा नासिर के खिलाफ मात्र एक मिनट और तीस सेकंड में जीत हासिल की, जो कॉमनवेल्थ हेवीवेट कुश्ती चैंपियन से सत्रह साल छोटा है। ग्यारह प्रतिस्पर्धी देशों में, यह अविश्वसनीय उपलब्धि 93 किलोग्राम वर्ग में किसी भारतीय फाइटर द्वारा दर्ज की गई सबसे तेज जीत का प्रतिनिधित्व करती है।”

वायरल पोस्ट से जुड़ी खबर की पुष्टि के लिए हमने दैनिक जागरण स्पोर्ट्स एडिटर अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह पिछले साल की खबर है।

अब बारी थी वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक पेज ‘वायरल टुडे’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 36 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल की जा रही यह खबर साल 2024 की है। सितंबर 2024 में संग्राम सिंह ने गामा इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप में अपने पहले एमएमए मुकाबले में पाकिस्तानी फाइटर अली रजा नासिर को 90 सेकंड में हरा दिया था। पुरानी खबर को नया बताते हुए वायरल किया जा रहा है।

The post Fact Check : संग्राम सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ एक साल पहले की थी जीत दर्ज, पुरानी तस्वीरें वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments