नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव की सरगर्मियों के बीच जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर की एक वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी और पूरे कुशवाहा समाज से माफी मांग ली है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल क्लिप की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। दरअसल प्रशांत किशोर के वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके अलग से आवाज जोड़ी गई है। हमारी जांच में वायरल पोस्ट में इस्तेमाल की गई क्लिप एडिटेड साबित हुई।
क्या हो रहा है वायरल?
कुशवाहा डॉट कॉम नाम के एक यूजर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो को अपलोड करते हुए लिखा कि प्रशांत किशोर माफी मांगे सम्राट चौधरी से।
वीडियो में प्रशांत किशोर को यह बोलते हुए दिखाया गया, “मैंने जो भी सम्राट चौधरी जी पर आरोप लगाए हैं। वह सब बेबुनियाद है। मैने उनकी लोकप्रियता को कम करने के लिए ऐसा किया था। मैं सम्राट चौधरी और पूरे कुशवाहा समाज से माफी मांगता हूं।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने प्रशांत किशोर के वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। कीवर्ड सर्च के जरिए यह जानने की कोशिश की गई कि क्या प्रशांत किशोर ने वाकई में ऐसा कोई बयान दिया है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है। हमें एक भी ऐसी मीडिया रिपोर्ट्स नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो को स्कैन किया। ध्यान से देखने पर हमें लाइव सिटीज चैनल का माइक नजर आया। लाइव सिटीज बिहार का स्थानीय यूट्यूब चैनल है। इसके आधार पर हमने इस चैनल पर प्रशांत किशोर के वीडियो को सर्च किया। हमें 11 अक्टूबर को अपलोड एक वीडियो मिला। 12 मिनट 16 सेकंड के इस वीडियो में प्रशांत किशोर को कहीं भी कुशवाहा समाज या सम्राट चौधरी से माफी मांगते हुए नहीं देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई कंटेंट को चेक करने वाले टूल undetectable डॉट ai का इस्तेमाल किया। इसमें आवाज के एआई होने की आशंका व्यक्त की गई।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए जनसुराज पार्टी के प्रवक्ता विवेक कुमार से संपर्क किया। उन्होंने वायरल वीडियो को फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर के इंटरव्यू के साथ छेड़छाड़ करके इसे तैयार किया गया है।
जांच के अंत में हमने फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की। कुशवाहा डॉट कॉम नाम के इस इंस्टाग्राम हैंडल को 66 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में प्रशांत किशोर की वायरल क्लिप एडिटेड निकली। प्रशांत किशोर के इंटरव्यू को एडिट करके इसमें अलग से आवाज जोड़ी गई है।
The post Fact Check : सम्राट चौधरी और कुशवाहा समाज से माफी मांगने के नाम पर प्रशांत किशोर का एडिटेड वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments