What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: नियमों का उल्लंघन करते लोगों का यह वीडियो पटना मेट्रो स्टेशन का नहीं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर मेट्रो स्टेशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को नियमों का उल्लंघन करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ महिलाएं, पुरुष और बच्चे मेट्रो की ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन से गलत तरीके से बाहर निकलते हुए नजर आ रहे हैं। बच्चे मशीन के नीचे से निकल जाते हैं, जबकि महिलाएं और पुरुष मशीन के बैरियर को हाथ से रोककर गलत तरीके से बाहर निकलते हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हाल ही में शुरू हुए पटना मेट्रो स्टेशन का है। जहां पर यात्रियों ने बिना टिकट के यात्रा कर नियमों का उल्लंघन किया। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो पटना नहीं, बल्कि दिल्ली मेट्रो का है। वीडियो में नजर आ रहा स्टेशन असल में गुरुग्राम का मिलेनियम सिटी सेंटर ( र्व मे हुडा सिटी सेंटर) है। यह मेट्रो स्टेशन दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन का ही हिस्सा है। गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन के वीडियो को पटना स्टेशन का बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Ajit Singh’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, पटना मेट्रो स्टेशन पर सब संभव बा।

वीडियो पर लिखा हुआ है, “पटना मेट्रो, बिहार में कुछ भी हो सकता है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि पटना मेट्रो स्टेशन का हाल ही में उद्घाटन हुआ है। जबकि वायरल वीडियो में नजर आ रहा मेट्रो स्टेशन पुराना-सा नजर आता है। मशीनें भी पुरानी-सी ही नजर आती है। इसी के साथ ही वीडियो में मशीनों और कई जगह दीवारों पर दिल्ली मेट्रो स्टेशन का लोगो लगा हुआ नजर आता है।  

पटना स्टेशन का लोगो दिल्ली मेट्रे से काफी अलग है।

पड़ताल के दौरान हमें वीडियो का लंबा वर्जन @rahulsingh_vlogg नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो में एक लड़का नजर आता है, जिसके पीछे लगे बोर्ड पर ‘स्वास्थ्य विभाग, गुरुग्राम’ लिखा हुआ नजर आता है। इसी के साथ ही एक अन्य बोर्ड पर  “ऑयस्टर वाटर पार्क” भी लिखा हुआ नजर आता है। गूगल पर सर्च करने पर हमने पाया कि इसे अब बंद कर दिया गया है। इसके नजदीकी मेट्रो स्टेशन के बारे में सर्च करने पर हमने पाया कि  गुरुग्राम का हुडा सिटी सेंटर इसका नजदीकी मेट्रो स्टेशन था।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल मैप की सहायता से स्टेशन के बारे में सर्च करना शुरू किया। हमने पाया मिलेनियम सिटी सेंटर (पूर्व में हुडा सिटी सेंटर) मेट्रो स्टेशन की तस्वीरें हूबहू वायरल वीडियो के मेट्रो स्टेशन से मिलती हैं। 

जांच के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक पोस्ट ‘Patna Metro Rail Corporation’ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। 13 अक्टूबर 2025 को पोस्ट करते हुए पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने वायरल दावे का खंडन किया है। 

Magicbricks की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम का मिलेनियम सिटी सेंटर (हुडा सिटी सेंटर) मेट्रो स्टेशन दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन का ही हिस्सा है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने पोस्ट को भ्रामक बताया है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को बिहार का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मेट्रो स्टेशन पर नियमों का उल्लंघन करते लोगों के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा  दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो पटना नहीं, बल्कि दिल्ली मेट्रो का है। वीडियो में नजर आ रहा स्टेशन असल में गुरुग्राम का मिलेनियम सिटी सेंटर (हुडा सिटी सेंटर) है। 

The post Fact Check: नियमों का उल्लंघन करते लोगों का यह वीडियो पटना मेट्रो स्टेशन का नहीं appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments