What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बीमार तेंदुए का पुराना वीडियो छत्तीसगढ़ का बताकर भ्रामक दावे से वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक बार फिर से एक तेंदुए का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लोगों को तेंदुए के साथ देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को छत्तीसगढ़ का बताकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में कच्ची शराब पीने के बाद एक तेंदुए की यह हालत हो गई।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा भ्रामक निकला। दरअसल, यह वीडियो मध्य प्रदेश के देवास जिले का है। जहां एक बीमार तेंदुए को कुछ लोगों ने परेशान कर दिया था। उस वीडियो को अब हालिया बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो पहले भी गलत दावे के साथ वायरल हुआ था। उस वक्‍त भी विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल कर सच्‍चाई जनता के सामने लाई थी। 

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Shashi Kant Sharma ने 17 अक्टूबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है और लिखा है,”एक तेंदुआ शराब की भट्टी में घुस गया और शराब पी ली..। इसके बाद वह भूल गया कि वह तेंदुआ हैं. ग्रामीणों ने उसे जंगल तक पहुंचाया..। यह जीता जागता उदाहरण कि शराब हमें नम्र, विनम्र, सभ्य और शिष्ट बनाती हैं..!”

वीडियो के ऊपर छत्तीसगढ़ धमतरी लिखा हुआ है।

पड़ताल

यह वीडियो पहले भी कई मौकों पर अलग-अलग दावों के साथ वायरल हो चुका है। उस दौरान हमने वीडियो की पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ें।

हमें वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट NBT MP-Chhattisgarh के यूट्यूब चैनल पर मिली। 1 सितंबर 2023 को अपलोड वीडियो में बताया गया,”देवास जिले में तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी ग्रामीणों को लगी तो सारे तेंदुए को देखने इकट्ठे हो गए। तेंदुआ सुस्त नज़र आ रहा था और  ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। ग्रामीण पहले घबरा गए, लेकिन जब तेंदुए ने कोई हरकत नहीं कि तो उसके साथ मस्ती करने लगे। लोग तेंदुए के साथ फ़ोटो और वीडियो लेने लगे। कुछ लोग तो उसकी सवारी करने लगे। उज्जैन की रेस्क्यू टीम और देवास वन विभाग की टीम ने तेंदुए का रेस्क्यू किया।”

हमें कई अन्य न्यूज रिपोर्ट भी इसी जानकारी के साथ प्रकाशित मिली।

इससे पहले जब यह वीडियो भ्रामक दावे के साथ वायरल हुआ था। हमने वीडियो को लेकर इंदौर के जू प्रभारी उत्तम यादव से संपर्क किया था। उन्होंने बताया था कि तेंदुआ बीमार था। यह वीडियो देवास के इकलेरा गांव का है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि यूजर के फेसबुक पर 251 मित्र हैं।

The post Fact Check: बीमार तेंदुए का पुराना वीडियो छत्तीसगढ़ का बताकर भ्रामक दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments