What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : महिलाओं को छेड़ने की यह घटना 2017 में उत्तर प्रदेश में हुई थी, बंगाल के नाम से किया जा रहा है वायरल

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया पर  वायरल एक वीडियो में कुछ मनचलों को दो महिलाओं को दिनदहाड़े छेड़ते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह पश्चिम बंगाल की घटना है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जब इस वीडियो की पड़ताल की तो पता चला कि यह घटना बंगाल की नहीं, बल्कि यूपी के रामपुर की है। 2017 में हुई इस घटना में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।

क्‍या है वायरल पोस्‍ट में

फेसबुक यूजर अजय कुमार जायसवाल (Archive) ने 27 जुलाई 2025 को इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया : “क्या आप ऐसा ही पूरे भारत में देखना चाहते हैं

ये पश्चिम बंगाल है –जिहादी राह चलती हिन्दू लड़की को उसकी मां के सामने ही छेड़ते हैं, उठा लेते हैं –क्यों , क्योंकि वहां हिन्दू विरोधी और मुस्लिम परस्त सरकार है –कल्पना कीजिए उस दिन कि जिस दिन पूरे भारत में मुस्लिम परस्त सरकार बन गई, केन्द्र में मुस्लिम परस्त सरकार बन गई —-तो. वो हमको जातियों में बांट रहे हैं और हम कट रहे हैं ।”

पड़ताल

वायरल पोस्ट की जांच करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल लेंस का इस्तेमाल करते हुए सर्च किया। हमें यह वीडियो 2017 की कई ख़बरों में मिला। इंडिया टीवी के यूट्यूब चैनल पर 28 मई 2017 को अपलोड की गई खबर के अनुसार, यह मामला उत्तर प्रदेश के रामपुर का था।

इस घटना को लेकर एक वीडियो रिपोर्ट हमें टाइम्स ऑफ़ इंडिया के यूट्यूब चैनल पर भी 28 मई 2017 को अपलोड मिली। यहां भी इसे उत्तर प्रदेश के रामपुर की घटना ही बताया गया।

इस मामले में हमें कई न्यूज़ पोर्टल्स पर भी मई 2017 की खबरें मिलीं। ख़बरों के अनुसार, मई 2017 में रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र में यह घटना उस वक्‍त घटी, जब दो महिलाएं रास्‍ते से जा रही थीं। उसी वक्‍त कुछ मनचलों ने उन्‍हें रास्‍ते में रोककर अपना निशाना बनाया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद रामपुर पुलिस हरकत में आई और वीडियो के आधार पर एफआईआर दर्ज की। इन ख़बरों में बताया गया कि रामपुर छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने आरोपियों को अरेस्‍ट किया।

यह वीडियो एक बार पहले भी गलत दावे के साथ वायरल हो चुका है और उस समय भी विश्वास न्यूज़ ने इस पोस्ट की जांच की थी। उस समय हमने दैनिक जागरण के मुरादाबाद के तत्कालीन संपादकीय प्रभारी संजय मिश्रा से बात की थी। उन्‍होंने बताया था कि टांडा के नगलिया कासमगंज उर्फ कुआंखेड़ा गांव में दो युवतियों से गांव के युवकों ने छेड़छाड़ की थी। आरोपितो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। दो मुख्य अभियुक्त पर एनएसए की कार्रवाई भी की गई थी। पड़ताल की तह में जाने के लिए विश्‍वास न्‍यूज ने रामपुर के तत्‍कालीन पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा से भी संपर्क किया था। उन्‍होंने भी बताया था कि घटना 2017 की है । घटना के सभी आरोपियों को अरेस्‍ट किया जा चुका था।

फेसबुक यूजर अजय कुमार जायसवाल को 15 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।  

The post Fact Check : महिलाओं को छेड़ने की यह घटना 2017 में उत्तर प्रदेश में हुई थी, बंगाल के नाम से किया जा रहा है वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments