नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत के एशिया कप जीतने के बाद से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों को लड़ाई करते और तोड़फोड़ करते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह एशिया कप का है। पाकिस्तान से भारत के मैच जीतने के बाद पाक फैंस ने दुबई स्टेडियम में तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो का हालिया एशिया कप फाइनल से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो असल में करीब तीन साल पुराना है। दरअसल साल 2022 में हुए एशिया कप के सुपर 4 में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में फैंस स्टेडियम में ही भिड़ गए थे। दर्शकों ने एक-दूसरे पर जमकर कुर्सियां फेंकी थी।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘’Haryana Khabar’ ने 30 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “हार से पागल हो गए पाकिस्तानी। दुबई स्टेडियम में तोड़ फोड़ किया।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावा पहले भी वायरल हो चुका है। उस दौरान हमने पोस्ट की पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी।
पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट दैनिक जागरण इंग्लिश की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 8 सितंबर 2022 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, “एशिया कप के रोमांचक सुपर 4 मुकाबले में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को एक विकेट से हरा दिया। इसके बाद अफगान प्रशंसक अपनी टीम की हार को पचा नहीं पाए और उन्होंने पाकिस्तान के प्रशंसकों पर कुर्सियां फेंकना शुरू कर दिया और शारजाह स्टेडियम में भी तोड़फोड़ की।”

हमें कई अन्य न्यूज रिपोर्ट भी इसी जानकारी के साथ प्रकाशित मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के स्पोर्ट्स एडिटर अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वीडियो पुराना है। 2022 एशिया कप में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के मैच के दौरान ऐसा हुआ था।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 67 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को हरियाणा का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि स्टेडियम में तोड़फोड़ करते लोगों के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो का हालिया एशिया कप फाइनल से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो असल में करीब तीन साल पुराना है। दरअसल साल 2022 में हुए एशिया कप के सुपर 4 में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में फैंस स्टेडियम में ही भिड़ गए थे। दर्शकों ने एक-दूसरे पर जमकर कुर्सियां फेंकी थी।
The post Fact Check: एशिया कप फाइनल का नहीं है स्टेडियम में तोड़फोड़ करते समर्थकों का यह वीडियो appeared first on Vishvas News.
0 Comments