What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: पाक क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान आगा से हाथ मिलाते सूर्यकुमार यादव की AI तस्वीर वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला दुबई में खेला गया। 28 सितंबर को हुए इस मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान टीम को 5 विकेट से हराकर एशियाई चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। जिसमें एक फोटो में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान आगा के सामने हाथ  जोड़ते हुए देखा जा सकता है। वहीं, दूसरी फोटो में दोनों हाथ मिलाते हुए नजर आ रहे हैं। कुछ यूजर्स इस पोस्ट को सच मानकर शेयर कर रहे हैं।

एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तिलक वर्मा की कुछ कथित तस्वीरें वायरल हो रही हैं। दावा किया जा रहा है कि मैच जीतने के बाद पीएम मोदी ने तिलक वर्मा को मिलकर बधाई दी।

 विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि वायरल तस्वीरें असली नहीं हैं। इन तस्वीरों को एआई टूल्स की मदद से तैयार किया गया है। जिन्हें असली समझकर फर्जी दावे से शेयर किया जा रहा है। न्यूज रिपोर्ट्स से पता चला कि भारत और पाकिस्तान की टीम एशिया कप 2025 में 3 बार आपस में टकराईं और ये तीनों मुकाबले भारत ने जीते। पर भारतीय खिलाडियों ने किसी भी मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से एक बार भी हाथ नहीं मिलाया।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर jeee_lon ने (आर्काइव लिंक) 28 सितंबर 2025 को सूर्यकुमार यादव और सलमान आगा की कथित तस्वीरें शेयर की हैं। 

Positive Think नाम के फेसबुक यूजर ने पीएम मोदी और तिलक वर्मा की एक तस्वीर शेयर की है और लिखा है,”एशिया कप में पाकिस्तान को पटकनी देने के बाद तिलक वर्मा मोदी जी के साथ सेल्फी लेने पहुंच गए कोई देश द्रोही होगा जो आतंकवादी को हराने के बाद भी लाइक कमेंट किए बिना आगे बड़ेगा।”

फेसबुक पेज Tun Tun Yadav Fan ने भी पीएम मोदी और तिलक वर्मा की एक तस्वीर शेयर की है और कैप्शन में लिखा है,”एशिया कप में पाकिस्तान को हराने के बाद मोदी जी तिलक वर्मा को बधाई देने पहुंच गए।”

पड़ताल

हमने सबसे पहले सूर्यकुमार यादव और सलमान आगा की तस्वीर को लेकर गूगल पर सर्च किया। हमें वायरल फोटो से जुड़ी कोई खबर नहीं मिली। जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने तस्वीर को ध्यान से देखा। इसमें सूर्यकुमार यादव और सलमान आगा के हाथों की बनावट अजीब है। सलमान आगा की टी शर्ट पर  लिखा क्लियर नहीं है और पीछे का बैकग्राउंड भी धुंधला है। हमें इसके एआई से बने होने का संदेह हुआ।

सच्चाई जानने के लिए हमने एआई डिक्टेशन टूल्स की मदद से फोटो को स्कैन किया। हमने सबसे पहले हाइव मॉडरेशन पर तस्वीर को अपलोड किया। टूल ने फोटो को डिटेक्ट किया और करीब 100 फीसदी तक फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने एक अन्य टूल साइट इंजन  पर फोटो को अपलोड किया। इस टूल ने भी तस्वीर को 99 फीसदी एआई से बनाया गया बताया ।

दूसरी पोस्ट

हमने पीएम मोदी और तिलक वर्मा की हाथ मिलाते हुए तस्वीर को सर्च किया। हमने फोटो को WasitAI टूल पर अपलोड किया। टूल ने फोटो के एआई निर्मित होने की संभावना जताई।

तीसरी पोस्ट

पड़ताल में आगे हमने पीएम मोदी और तिलक वर्मा की साथ में सेल्फी लेते हुए फोटो को सर्च किया। हमने साइट इंजन  टूल पर जाकर फोटो के बारे में सर्च किया। इस टूल ने भी तस्वीर को 99 फीसदी एआई से बनाया गया बताया है।

हमने वायरल तस्वीरों को एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि ये   तस्वीरें एआई से तैयार की गई हैं। इन तस्वीरों में पीएम मोदी का चश्मा ,उंगलियां और बाल को देख के साफ पता चलता है कि यह फोटो असली नहीं है। सूर्यकुमार यादव की फोटो में भी उंगलियां और बाल को देख के पता चलता है कि इन्हें एआई की मदद से तैयार किया गया है।

अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 2 हजार से ज्यादा लोग इंस्टाग्राम पर फॉलो करते हैं।

The post Fact Check: पाक क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान आगा से हाथ मिलाते सूर्यकुमार यादव की AI तस्वीर वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments