नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संस्थापक के.बी. हेडगेवार को डॉ. बी.आर. अंबेडकर के साथ एक मोटरसाइकिल पर बैठकर साथ जाते हुए देखा जा सकता है। यूजर इसे असली तस्वीर समझकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि सोशल मीडिया पर वायरल के.बी. हेडगेवार और बी.आर. अंबेडकर की यह तस्वीर AI निर्मित है।
क्या हो रहा है वायरल
विश्वास न्यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर एक यूजर ने इस तस्वीर को भेजकर इसकी सच्चाई बताने का अनुरोध किया।

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच के लिए कीवर्ड सर्च का सहारा लिया। हमें पता चला कि डॉ. हेडगेवार का निधन 21 जून 1940 को नागपुर में हुआ था, जबकि भारत में मोटरसाइकिल का बड़े पैमाने पर आगमन 1950 के दशक के मध्य में हुआ। बुलेट 350 को 1949 में मद्रास मोटर्स द्वारा भारत में आयात किया गया था। इसके बाद बुलेट 350 को भारतीय सेना में शामिल किया गया और इसका आधिकारिक उत्पादन 1955 में शुरू हुआ।
इसके बाद हमने कई सरकारी आर्काइव की वेबसाईट्स को भी खंगाला, मगर हमें मोटरसाइकिल पर के.बी. हेडगेवार और बी.आर. अंबेडकर की ऐसी कोई तस्वीर नहीं मिली।
इसके बाद हमने इस तस्वीर को ध्यान से देखा। हमें इसमें कुछ गड़बड़ियां नजर आयीं। जैसे, तस्वीर में बैकग्राउंड का धुंधलापन और पीछे दिख रहे लोगों के अधूरे चेहरे। साथ ही इस तस्वीर में बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर ‘78787655’ दिख रहा है, जो गलत लगता है। पहले वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर प्रांतीय कोड पर आधारित अल्फ़ान्यूमेरिक फॉर्मेट में होते थे, जबकि इस नंबर प्लेट में ऐसा नहीं है। हमें तस्वीर के एआई निर्मित होने का शक हुआ।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने इस तस्वीर को एआई जेनरेटेड तस्वीरों की जांच करने वाले टूल हाइव मॉडरेशन पर अपलोड किया। इसमें तस्वीर के एआई से बने होने की संभावना 99 प्रतिशत से अधिक निकली।

एक दूसरे टूल वाज इज ए आई ने भी तस्वीर के एआई जेनरेटेड होने की संभावना बताई।

हमने तस्वीर को लेकर एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ संपर्क किया। उन्होंने भी तस्वीर को एआई निर्मित बताया।
The post Fact Check: मोटरसाइकिल पर के.बी. हेडगेवार और बी.आर. अंबेडकर की वायरल तस्वीर AI निर्मित है appeared first on Vishvas News.
0 Comments