नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में 6 नवंबर और 11 नवंबर, 2025 को दो चरणों में मतदान होगा और मतगणना 14 नवंबर को होगी। ऐसे में सभी पार्टियां ज़ोरों-शोरों से कैम्पेनिंग में लगी हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर अभिनेता मनोज बाजपेयी को बिहार चुनाव के लिए आरजेडी का समर्थन करते देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह एक एडिटेड क्लिप है, जिसमें ऑडियो को बदल दिया गया है। असली वीडियो अमेज़न प्राइम के एक विज्ञापन का है, जिसके ऑडियो को बदल दिया गया है ।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर Priyanshu Kushwaha ने 17 अक्टूबर 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया। 1.16 मिनट के इस वीडियो में मनोज बाजपेयी कई लोगों से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं जो उन्हें बता रहे हैं कि “तेजस्वी यादव 14 नवंबर को बिहार में अगली सरकार बनाएंगे।”
वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, “14 नवंबर को बिहार में, तेजस्वी सरकार आ रही है।”

पड़ताल
इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को घ्यान से देखा। इसमें ख़राब लिप सिंक साफ़ देखा जा सकता है। मतलब ऑडियो और विजुअल में कोई सामंजस्य नहीं है। हमें शक हुआ कि वीडियो एडिटेड हो सकता है।
वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च करने पर हमें यह असली विडियो Prime Video India के YouTube चैनल पर 1 नवंबर, 2023 को अपलोड मिला। यह अमेज़न प्राइम का एक विज्ञापन था, जिसका शीर्षक था, “आपकी अमेज़न प्राइम Recommendations मनोज बाजपेयी के साथ | प्राइम वीडियो इंडिया”।
इस विज्ञापन में कई लोग बाजपेयी को अलग-अलग अमेज़न प्राइम शोज की सिफारिश करते दिखते हैं। वायरल वीडियो में इन डायलॉग्स को हटा दिया गया है और एक फर्जी ऑडियो ट्रैक जोड़कर यह झूठा दावा किया गया है कि वह RJD का समर्थन कर रहे हैं।
हमने इस विषय में मनोज बाजपेयी की टीम से भी संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि यह वीडियो एडिटेड है और हमारे साथ मनोज बाजपेयी के X पोस्ट का लिंक शेयर किया, जिसमें उन्होंने वायरल वीडियो को फर्जी बताया है।
मनोज बाजपेयी ने 16 अक्टूबर, 2025 को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, यह वीडियो एडिटेड है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मैं यह सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहता हूँ कि मेरा किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध या निष्ठा नहीं है। जो वीडियो इस समय साझा किया जा रहा है, वह असल में फर्जी है, जिसे मेरे द्वारा @PrimeVideoIN के लिए किए गए एक विज्ञापन से काटछांट करके (पैच-अप करके) और जोड़तोड़ करके बनाया गया है। मेरा आप सभी से विनम्र निवेदन है कि इस तरह की विकृत और भ्रामक सामग्री को फैलाना तुरंत बंद करें। साथ ही, लोगों से आग्रह है कि वे ऐसी गुमराह करने वाली सामग्री पर न तो ध्यान दें और न ही उसे किसी भी तरह से बढ़ावा दें।।”
इसके बाद हमें चेक करना था कि वायरल ऑडियो कहां का है। हमें यह ऑडियो इस वीडियो के अलावा कहीं नहीं मिला। हमें शक हुआ कि यह ऑडियो AI निर्मित हो सकता है।
पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी एमसीए की पहल डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से संपर्क किया। वायरल मल्टीमीडिया में इस्तेमाल ऑडियो की जांच करने के लिए डीएयू टीम ने इसे अलग-अलग डिटेक्शन टूल्स का इस्तेमाल करके ढूंढा। हाइव एआई ने शुरू के 30 सेकंड को ढोड़कर पूरे ऑडियो को “एआई-जनित” बताया।

स्विट्ज़रलैंड की एक डीप-टेक कंपनी Aurigin.ai, ने भी इस ऑडियो के AI-जेनरेटेड होने की 69 प्रतिशत संभावना व्यक्त की।

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Priyanshu Kushwaha के लगभग 30 हजार फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: अभिनेता मनोज बाजपेयी ने बिहार चुनाव के लिए नहीं किया आरजेडी का समर्थन, एडिटेड क्लिप वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments