What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नहीं कहा, ‘राहुल कर देंगे देश को बर्बाद’, एडिटेड क्लिप हुई वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां अपना पूरा जोर लगा रहीं है और आए  दिन राज्य में रैलियां हो रहीं हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस प्रेसिडेंट मल्लिकार्जुन खड़गे ने ऐसी ही एक रैली में कहा, “देश को बर्बाद करने में राहुल जी लगे हैं।”

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो क्लिप एडिटेड है। ऑरिजिनल वीडियो 2024 का है, जब बिहार में हुई एक जनसभा में खड़गे ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था, “आज देश को बर्बाद करने में मोदी जी लगे हैं।”

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Ramesh Verma Mauryavanshi‘ ने 3 सितम्बर को एडिटेड वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर किया। वायरल वीडियो क्लिप कुछ सेकेंड का है, जिसमें कांग्रेस प्रेसिडेंट मल्लिकार्जुन खड़गे को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “मैं सबसे पहले ये कहना चाहता हूं, आज देश को बर्बाद करने में राहुल जी लगे हैं।” पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा “सच मुंह से निकल ही जाता है। खड़गे ने दोबारा कहा कि राहुल गांधी देश को बर्बाद करने मे लगे हैं। तलवा चाटू गुलाम कांग्रेसी चमचे भी जानते हैं कि उनका राजकुमार अंतरराष्ट्रीय पप्पू गद्दार और देशद्रोही है और विदेशी शक्तियों से मिलकर देश में अस्थिरता फैलाना चाहता है लेकिन तलवा चाटने में इतने मस्त और व्यस्त हैं कि न कुछ सुनाई देता है और न ही दिखाई देता है।”

पड़ताल

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने इस क्लिप के कीफ्रेम्स को गूगल लेंस की की मदद से सर्च किया। हमें यह पूरा वीडियो इंडियन नेशनल कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर 3 मार्च 2024 को अपलोड मिला। इस वीडियो में 29 सेकंड के बाद वायरल क्लिप आता है। यहां साफ़ सुना जा सकता है कि खड़गे कहते हैं,  “मैं सबसे पहले ये कहना चाहता हूं, आज देश को बर्बाद करने में मोदी जी लगे हैं।” यहां सुना जा सकता है कि खड़गे शुरू में बताते हैं कि यह पटना के गांधी मैदान में हुई जन विश्वास रैली है। इस वीडियो में खड़गे के पीछे लगे बोर्ड पर तारीख  3 मार्च 2024 भी देखी जा सकती है।  

कीवर्ड्स और टाइम टूल का इस्तेमाल करके ढूंढ़ने पर हमें पटना के गाँधी मैदान में हुई जन विश्वास रैली का वीडियो India Daily Live के यूट्यूब चैनल पर 3 मार्च 2024 को अपलोड मिला। यहां भी सुना जा सकता है कि खड़गे ने ‘देश को बर्बाद करने में’ के बाद ‘मोदी जी’ कहा था, ‘राहुल जी’ नहीं।  

4 मार्च 2024 की हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार, “इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इन्क्लूसिव अलाइंस (इंडिया) के शीर्ष नेताओं ने पटना में 3 मार्च को एक संयुक्त रैली को संबोधित किया, जिसमें देश के गरीबों की उपेक्षा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली  केंद्र सरकार की तीखी आलोचना की गई और विशेष रूप से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बार-बार गठबंधन बदलने के लिए निशाना साधा गया।”

कांग्रेस की वेबसाइट पर हमें 3 मार्च 2024 को पटना में हुई इस जनसभा की ट्रांसक्रिप्ट भी यहां मिली। यहां भी पढ़ा जा सकता है कि खड़गे ने ‘देश को बर्बाद करने में’ के बाद ‘मोदी जी’ कहा था, ‘राहुल जी’ नहीं।  

इसके बाद हमने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रणव झा से भी बात की, जिन्होंने इस पोस्ट को फर्जी और क्लिप को एडिटेड बताया।

एडिटेड वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Ramesh Verma Mauryavanshi’ के 34000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नहीं कहा, ‘राहुल कर देंगे देश को बर्बाद’, एडिटेड क्लिप हुई वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments