What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी को नहीं बुलाया ‘नचानिया’, वायरल वीडियो एडिटेड 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वो किसी को ‘नचनिया’ बोलते हुए नजर आ रहे हैं। पोस्ट में तेज प्रताप यादव के वीडियो के साथ ही लालू प्रसाद यादव के छोटे पुत्र और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का डांस करते हुए वीडियो लगा हुआ है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि तेज प्रताप यादव ने अपने भाई तेजस्वी पर यह टिप्पणी की है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में तेज प्रताप यादव का वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में वो तेजस्वी यादव के बारे में नहीं, बल्कि भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के बारे में बात कर रहे थे। वीडियो के एक अंश को एडिट कर गलत दावे के साथ दुष्प्रचार की मंशा से वायरल किया जा रहा है। असली वीडियो से उस हिस्से को एडिट कर हटा दिया गया है, जहां पर वो पवन सिंह का जिक्र कर रहे थे।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘BK Purnea news’ ने 3 सितंबर 2025 को वायरल  वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी को नचनिया बताया।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो में जो माइक नजर आ रहा है उस पर ‘PRAYAS NEWS’ लिखा हुआ है। हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए इसके बारे में सर्च करना शुरू किया।

हमें वीडियो का लंबा वर्जन 23 जुलाई 2025 को ‘PRAYAS NEWS’ के यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुआ मिला। वीडियो में 9.20 की टाइम लाइन पर रिपोर्टर तेज प्रताप से भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के बारे में बात करना शुरू करता है। रिपोर्टर कहता है, “अब आते हैं पवन सिंह पर उन्होंने तेजस्वी यादव की बड़ाई की है। हो सकता है उन्हें टिकट वगैरा चाहिए हो। नाचने-गाने वाले लोग हैं।”

रिपोर्ट के बाद तेज प्रताप यादव कहते हैं कि कलाकार हैं। सब नाचने- गाने वाले लोग हैं, कलाकार हैं। कलाकार की इज्जत होनी चाहिए सब जगह। उनके मन में है चुनाव लड़ना तो लड़े। लोकतंत्र में आजादी है,लड़े वो चुनाव। 

इसके बाद रिपोर्ट कहता है, “पवन सिंह ने एक पोस्ट की थी, जिसे लोगों ने तेज प्रताप यादव से जोड़ना शुरू कर दिया था। लोगों का कहना था कि तेज प्रताप यादव के पवन सिंह को नचानिया बोलने के बाद उन्होंने इसका जवाब दिया है।”  इसके बाद तेज प्रताप कहते हैं, “अच्छा वो नाचते नहीं है। उनका एक हजार वीडियो है डांस करते हुए। वो नाचते हैं ना जी। लोग जानते हैं कि वो नाचते हैं। वो नाचते हैं, डांस करते हैं। तो उसको आप लोग क्या बोलेंगे । नेता भाषण दे रहा है तो आप लोग बोलते हैं कि अरे नेता भाषण दे रहा है। अरे कलाकार नाच रहा है, डांस कर रहा है। तो उसको क्या बोलियेगा आप नचनिये बोलियेगा न। तो नाचते रहेंगे वो। नाचते-नाचते चुनाव जीत जाएंगे। शुभकामना है उनको।”

जांच के दौरान हमें तेजस्वी यादव के डांस करने का वीडियो उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 2 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। कैप्शन में लिखा गया है, “गर्मी, बारिश और उमस के बीच कल 16 दिनों तक चली वोटर अधिकार यात्रा समाप्त हुई। रात्रि में सिंगापुर से आए भांजे ने कहा ड्राइव पर चलें। रास्ते में सड़क पर कुछ युवा साथी कलाकार मिले। वो गाना गा रहे थे, रील्स बना रहे थे। आग्रह करने लगे तो हमने भी हाथ-पैर आजमाए। हम सब सहजता, सरलता और सुगमता के साथ युवाओं की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं, सपनों और उम्मीदों संग कदमताल कर जाति-धर्म से ऊपर उठ नए बिहार के निर्माण का संकल्प लेकर सत्ता परिवर्तन करेंगे।”

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो एडिटेड है।

अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब दस हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को बिहार का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि तेज प्रताप यादव के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में तेज प्रताप यादव का वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में वो तेजस्वी यादव के बारे में नहीं, बल्कि भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के बारे में बात कर रहे थे। वीडियो के एक अंश को एडिट कर गलत दावे के साथ दुष्प्रचार की मंशा से वायरल किया जा रहा है। असली वीडियो से उस हिस्से को एडिट कर हटा दिया गया है, जहां पर वो पवन सिंह का जिक्र कर रहे थे।

The post Fact Check: तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी को नहीं बुलाया ‘नचानिया’, वायरल वीडियो एडिटेड  appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments