What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : पंजाब के गुरदासपुर में आई बाढ़ के नाम पर वायरल वीडियो पाकिस्तान का है

नई दिल्‍ली (विश्वास न्यूज)। भारी बारिश से पंजाब के कई हिस्सों में बाढ़ आ गई है। बाढ़ के कारण लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और फसलों को भी नुकसान हुआ है। न्यूज रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्य के सभी 23 जिलों को बाढ़ प्रभावित घोषित किया गया है। इस बीच सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो, जिसमें पानी के सैलाब को देखा जा सकता है, वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पंजाब के गुरदासपुर जिले का है। कई यूजर्स ने इस वीडियो को ऋषिकेश के नाम से भी शेयर किया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच में पाया कि यह वीडियो पाकिस्‍तान का है। वर्ष 2025 में स्‍वात इलाके में भयानक बाढ़ आई थी। उसी वीडियो को अब पंजाब के गुरदासपुर बाढ़ का बताकर शेयर किया जा रहा है।  

क्या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Mahira Khatoon ने (आर्काइव वर्जन )2 सितंबर 2025 को एक वीडियो को पोस्‍ट करते हुए लिखा,“गुरदासपुर में लगातार बारिश हो रही है और कई जगहों पर पानी भरने का ख़तरा बना हुआ है। पंजाब और दीगर इलाक़ों में तो बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो चुकी है। आप सबसे अपील है कि: अपने घरों के अंदर सुरक्षित रहें। ज़रूरी कामों के अलावा बाहर निकलने से परहेज़ करें। अपने-अपने इलाक़े की ताज़ा जानकारी एक-दूसरे तक पहुँचाते रहें ताकि मदद समय पर मिल सके। इंशाअल्लाह, सब्र और एहतियात से हम इस मुश्किल वक़्त को पार कर लेंगे। #StaySafe #HeavyRain #FloodAlert #Punjab #SafetyFirst।”

कई यूजर्स ने इस वीडियो को ऋषिकेश और हनुमानगढ़ का बताकर भी शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और इन्हे गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो ڈیجیٹل رائیونڈ  (Digital Raiwind) नाम के फेसबुक पेज पर मिला। 15 अगस्त 2025 को अपलोड वीडियो में हमें Mingora Sharif Abad Makan Bagh Road लिखा नजर आया। हमने गूगल पर इस कीवर्ड को लेकर सर्च किया। पता चला कि यह पाकिस्तान के स्वात इलाके में स्थित है।

हमें स्वात न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो से मिलता -जुलता वीडियो मिला। वीडियो को 16 अगस्त 2025 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, बाढ़ का यह वीडियो स्वात घाटी का है।

Sajid Jehangir Khan नाम के फेसबुक यूजर ने भी इस वीडियो को अपलोड किया है। 16 अगस्त 2025 को शेयर वीडियो में वायरल वीडियो के लंबे वर्जन को देखा जा सकता है। इस वीडियो को पाकिस्तान के स्वात इलाके में आई बाढ़ का बताया गया है।  

वायरल वीडियो से जुड़े अन्य पोस्ट यहां देखें।

https://www.youtube.com/shorts/2loqXBZC0KM

हमने वीडियो को पाकिस्तान के पत्रकार आदिल अली के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो पाकिस्तान का है, जब स्वात में  बाढ़ आई थी।

जागरण डॉट कॉम की वेबसाइट पर 3 सितंबर 2025 को प्रकशित खबर में बताया गया,”भीषण बाढ़ से जूझ रहा पंजाब प्रकृति के कहर से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस बाढ़ में 30 लोगों की जान चली गई और 3.5 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।मंगलवार को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कुछ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। पंजाब के अधिकारियों ने बताया कि 1 अगस्त से 1 सितंबर तक की स्थिति पर जारी बुलेटिन के अनुसार, इससे पहले 12 जिले बाढ़ की चपेट में थे।मंगलवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य के सभी 23 जिलों को बाढ़ प्रभावित घोषित किया गया है।”

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाली यूजर को स्कैन किया। पता चला कि  यूजर को 5 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताया है।

The post Fact Check : पंजाब के गुरदासपुर में आई बाढ़ के नाम पर वायरल वीडियो पाकिस्तान का है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments