नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। श्रीकृष्ण का भजन ‘हरि सुंदर नंद मुकुंद’ गाते हुए एक महिला का वीडियो एक बार फिर से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि भजन गा रही महिला मोहम्मद रफी की पोती है। इनका नाम कुमारी परवेज मुस्तफा हैं।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वीडियो में नजर आ रही महिला ना मोहम्मद रफी की पोती है और ना ही उसका नाम परवेज मुस्तफा है। महिला का नाम गीतांजलि राय हैं और वो एक भजन गायिका हैं। अक्सर सोशल मीडिया पर इनके वीडियो गलत दावे के साथ वायरल होते रहते हैं।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘विपुल भावसार’ ने 17 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “इस गाने की खास बात यह है की इसमें कृष्ण के 100 नामो के अलावा एक भी दूसरा शब्द नहीं हे ! और गायिका है महान गायक मोहम्मद रफी साब की बेटी कुमारी परवेज मुस्तफा !*good afternoon friends”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें गीतांजलि राय के नाम से एक आधिकारिक वेबसाइट मिली। वेबसाइट के मुताबिक, महिला का नाम गीतांजलि राय हैं और वो एक मोटिवेशनल स्पीकर, गजल, भजन गायिक और लाइफ कोच हैं।
पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन ‘गीतांजलि राय ऑफिशियल’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 14 अप्रैल 2013 को शेयर किया गया था। यहां पर भी वीडियो में नजर आ रही महिला को गायिका गीतांजलि राय ही बताया गया हैं।
हमें गीतांजलि राय के अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स भी मिले।

पहले भी यह वीडियो कई दावों के साथ वायरल हो चुका है। उस दौरान हमने गीतांजलि राय से संपर्क किया था। उन्होंने दावे का खंडन करते हुए हमें बताया था कि, “यह पहली बार नहीं है, जो यह दावा वायरल हुआ हो। इससे पहले भी यह दावा वायरल हो चुका है। यह दावा पूरी तरह से बेबुनियाद है। मैं भजन गायिका हूं और मेरा रफी परिवार से कोई संबंध नहीं है।”
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दो हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को अहमदाबाद का रहने वाला बताया है। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पाया कि श्री कृष्ण का भजन गाते हुए महिला का वीडियो गलत दावे के साथ वायरल हो रहा है। असल में वीडियो में नजर आ रही महिला ना मोहम्मद रफी की पोती है और ना ही उसका नाम परवेज मुस्तफा है। महिला का नाम गीतांजलि राय है और वो एक भजन गायिका हैं। अक्सर सोशल मीडिया पर इनके वीडियो गलत दावे के साथ वायरल होते रहते हैं।
The post Fact Check: कृष्ण भजन गाती गायिका का वीडियो एक बार फिर गलत दावे के साथ वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments