What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : साउथ अमेरिकी देश में हुई अपहरण की घटना के वीडियो को भाजपा से जोड़ते हुए किया गया वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें रात के अंधेरे में सड़क से महिला का अपहरण होते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो बीजेपी शासित राज्य का है। इसे सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में इसे फर्जी पाया। वायरल वीडियो का भारत से कोई लेना-देना नहीं है। यह साउथ अमरीकी देश एक्वडोर के लॉस कसास शहर में सितंबर 2024 में घटी एक घटना का है। विदेश के वीडियो को फर्जी दावे के साथ बीजेपी शासित राज्य का बताते हुए वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को 22 अगस्त को शेयर करते हुए लिखा, “देखा #भाजपा का सुशासन महज पलक झपकते 49 सेकंड मे लड़की किडनैप कर ली जाती है।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें यह वीडियो एमएसएन की वेबसाइट पर 27 सितंबर 2024 को अपलोड़ किया हुआ मिला। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, यह इक्वाडोर देश का वीडियो है।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें एक वेरिफाइड एक्स हैंडल पर भी वायरल वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 27 सितंबर 2024 की पोस्ट के अनुसार, अपहरण का यह मामला इक्वाडोर के ग्वायाकिल में सामने आया है।

न्यूज सर्च किए जाने पर हमें 27 सितंबर 2024 की एक रिपोर्ट मिली जिसमें बताया गया, “26 सितंबर की रात उत्तर-पश्चिमी क्विटो के लास कासास इलाके में एक महिला का अपहरण सीसीटीवी में कैद हुआ है। पुलिस ने स्थानीय मीडिया को पुष्टि की है कि पीड़िता को राजधानी के दक्षिण में चिलोगलो में छोड़ दिया गया। वीडियो में दिखाया गया है कि शाम के 7:55 बज रहे हैं और एक आदमी बिना नंबर प्लेट वाली एक काली कार से उतरकर एक लड़की को फूलों का गुलदस्ता देता है। दोनों के बीच कुछ बातचीत के बाद, कार उनके पास आकर रुक जाती है। जैसे ही कार पास आती है सफेद शर्ट पहने आदमी उसे पकड़ लेता है और उसका अपहरण करने की कोशिश करता है।”

वहीं, 28 सितंबर की teleamazonas नाम की वेबसाइट पर दी गई खबर के अनुसार, “राष्ट्रीय पुलिस ने गुरुवार 26 सितंबर, 2024 को क्विटो के उत्तर में लास कासास सेक्टर में अपहृत महिला का पता लगाकर उसे बचा लिया। एजेंसी ने कहा, “अलर्ट मिलते ही पीड़िता का पता लगाने और उसे सुरक्षित करने के लिए जांच दल तुरंत सक्रिय हो गए। अपहरण के बाद पीड़िता को राजधानी के दक्षिण में चिलोगलो इलाके में छोड़ दिया गया था। पुलिस ने उसे वहां सुरक्षित और स्वस्थ पाया। बाद में उसे उसके परिवार को सौंप दिया गया।’’

वीडियो को बीजेपी शासित राज्य का बताते हुए शेयर किया जा रहा है और इस बारे में बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय सोनकर ने कहा, “बीजेपी की कामयाबियों को छुपाने के लिए अक्सर विपक्षी दल इस तरह की फर्जी खबर फैलाते हैं, जिन पर आम लोगों को भी ध्यान नहीं देना चाहिए।”

अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर एड. मोहिनी कुशवाहा को 12 हजार लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर वकील हैं और आगरा की रहने वाली हैं।

The post Fact Check : साउथ अमेरिकी देश में हुई अपहरण की घटना के वीडियो को भाजपा से जोड़ते हुए किया गया वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments