What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के मंत्री के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शन का वीडियो भाजपा नेता के नाम पर वायरल 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस की तरफ से पिछले दिनों ‘वोट चोरी’ के संबंध में जनता को जागरूक करने के लिए किए गए विरोध आंदोलन के नाम पर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक गाड़ी पर लोगों को काले झंडे फेंकते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो भाजपा नेता के काफिले का है, जहां आम जनता ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो कांग्रेस नेता जगत सिंह नेगी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश में हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा हुआ है। वीडियो को फर्जी दावे के साथ भाजपा नेता का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर ‘आकाशदीप कनौजिया’ ने 14 अगस्त को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “राजनीति में पहली बार भाजपा नेताओं को इतना, सम्मान मिल रहा है।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें। 

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के  की- फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो कई जगह मिला। न्यूज़ 18 वायरल्स पर वीडियो को 26 जुलाई 2025 को अपलोड किया गया है। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, “मंडी हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार में मंत्री जगत सिंह नेगी को मंडी जिले का सेराज  दौरा भारी पड़ गया। आपदा से जूझ रहे सेराज  में शुक्रवार को राजस्व, बागवानी और जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी को लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। नौबत यहां तक आ गई कि विरोध कर रहे लोगों ने मंत्री की गाड़ी पर वो काले झंडे भी फेंक दिए, जिन्हें वे विरोध स्वरूप लेकर आए हुए थे।”

हिंदुस्तान टाइम्स की 27 जुलाई की खबर में बताया गया, शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सेराज विधानसभा क्षेत्र में आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को न केवल काले झंडों का सामना करना पड़ा, बल्कि उनके वाहन पर जूते भी फेंके गए और प्रदर्शनकारियों ने ‘वापस जाओ’ के नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारियों ने उनके वाहन को रोकने की भी कोशिश की।

इस मामले पर इंडियन एक्सप्रेस की 26 जुलाई 2025 की खबर के अनुसार, मंडी पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं समेत 50 से अधिक लोगों के खिलाफ काले झंडे दिखाने और मंत्री जगत सिंह नेगी की गाड़ी को रोकने की कोशिश को लेकर एफआईआर दर्ज किया है। नेगी के थुनाग में कॉलेज शिफ्ट करने के फैसले के विरोध में प्रदर्शन हुआ था जिसमें प्रदर्शनकारियों ने जूते तक फेंके। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा पर इस विरोध प्रदर्शन को कराने का आरोप लगाया है। पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वीडियो जारी करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर ‘वोट चोरी’ का कथित आरोप लगाया है। वहीं, हालिया ख़बरों के अनुसार, राहुल गंधी कहा कि हम बिहार से ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ के साथ ‘वोट चोरी’ के खिलाफ सीधी लड़ाई लड़ रहे हैं और उनकी पार्टी पूरे देश में स्वच्छ मतदाता सूची सुनिश्चित करेगी।

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे साथी दैनिक जागरण मंडी में चीफ रिपोर्टर हंसराज सैनी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो कांग्रेस नेता जगत सिंह नेगी के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन की है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर आकाशदीप कनौजिया की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 12 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित है। 

The post Fact Check : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के मंत्री के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शन का वीडियो भाजपा नेता के नाम पर वायरल  appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments