नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर रक्षाबंधन के नाम पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी और फोनपे की ओर से रक्षाबंधन पर फ्री कैशबैक दिया जा रहा है। मैसेज के साथ एक वेबसाइट के यूआरएल पर क्लिक करने को भी कहा जा रहा है।
विश्वास न्यूज पहले भी ऐसे मैसेज की सच्चाई पाठकों के सामने ला चुका है। हमने वायरल पोस्ट की विस्तार से जांच की। दावा पूरी तरह बेबुनियाद साबित हुआ। वायरल पोस्ट में किया गया दावा और लिंक, दोनों ही फर्जी पाए गए। न तो फोन पे की ओर से और न ही भाजपा की ओर से रक्षाबंधन पर ऐसा कोई ऑफर दिया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक पेज लोक कल्याण पर एक अगस्त को पोस्ट करते हुए दावा किया गया कि रक्षाबंधन कैशबैक योजना शुरू ₹1000 तक फ़ोनपे पर कैशबैक। अभी क्लिक करें।

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट में किए गए दावे की जांच के लिए सबसे पहले दिए गए यूआरएल पर क्लिक किया। क्लिक करने पर कोई भी वेबसाइट नहीं खुली। जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया । सर्च के दौरान हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने फोन पे, भाजपा की वेबसाइट और सभी सोशल मीडिया हैंडल्स को स्कैन किया । यदि ऐसा कोई ऑफर होता, तो वहां जरूर कोई न कोई जानकारी जरूर मिलती।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट को लेकर साइबर एक्सपर्ट चातक वाजपेयी से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी फेस्टिवल या इवेंट के आसपास ऐसी पोस्ट काफी वायरल होती हैं। इसका मकसद यूजर्स की व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी को चुराना होता है। इसलिए इस तरह के किसी भी मैसेज पर बिल्कुल भी यकीन नहीं करना चाहिए।
वाजपेयी आगे बताते हैं कि कई बार देखने को मिला है कि ऐसी सोशल मीडिया पोस्ट के साथ किसी अनजान वेबसाइट का लिंक दिया होता है। इसे वित्तीय धोखाधड़ी के मकसद से बनाया जाता है।
वित्तीय धोखाधड़ी के शिकार होने पर, हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके या cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत किया जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान भाजपा के उत्तर प्रदेश राज्य प्रवक्ता अवनीश त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि भाजपा का गलत इस्तेमाल करके वायरल पोस्ट तैयार की गई है। यह पूरी तरह फर्जी है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में रक्षाबंधन के नाम पर फ्री कैशबैक वाली पोस्ट फर्जी साबित हुई। लोगों को ठगने के लिए इस तरह की पोस्ट वायरल की जाती है।
The post Fact Check : रक्षाबंधन पर कैशबैक के नाम पर फर्जी पोस्ट वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments