नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर नदी पार करते कुछ बच्चों का एक वीडियो तेजी से वायरल है। वीडियो में बच्चों को स्कूल की ड्रेस पहनकर थर्मोकोल के बॉक्स में बैठकर नदी पार करते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मध्य प्रदेश का है, जहां पर बारिश के कारण पानी भर गया है और बच्चों को इस तरह से स्कूल जाना पड़ रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो इंडोनेशिया के दक्षिण सुमात्रा का है और साल 2021 का है, जिसे अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘सिर्फ़ हिंदुस्तानी’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “थर्माकोल में चढ़ के बच्चे नदी पार करते हैं उसके बाद 2 किलोमीटर चलकर जाते हैं पढ़ने मध्यप्रदेश।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो Bangka Pos Official नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 25 सितंबर 2021 को शेयर किया गया था। इंडोनेशियाई भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो इंडोनेशिया का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट इंडोनेशिया की वेबसाइट tempo पर मिली। इंडोनेशियाई भाषा में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, घटना इंडोनेशिया के दक्षिण सुमात्रा के तुलुंग सेलापन जिले की है। नदी के पास रहने वाले लोगों का कहना है कि नदी पर पुल न होने के कारण बच्चे रोजाना इसी तरह से स्कूल जाते-आते है।

अधिक जानकारी के लिए हमने मध्य प्रदेश नईदुनिया डॉट कॉम, के डिप्टी न्यूज एडिटर अरविंद दुबे से संपर्क किया। उन्होंने दावे को गलत बताया।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नदी पार करते बच्चों के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो इंडोनेशिया के दक्षिण सुमात्रा का है और साल 2021 का है, जिसे अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: इंडोनेशिया में थर्मोकोल के बॉक्स में बैठकर नदी पार करते बच्चों के वीडियो को भारत का बताकर किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments