What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : स्कूल में शराब पीते टीचर का यह वीडियो है पुराना, हालिया बताकर किया जा रहा शेयर

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर स्कूल में शराब पीते एक शिक्षक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक टीचर को स्कूल में शराब पीते हुए देखा जा सकता है। वहीं, एक शख्स इस सबका वीडियो बना रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को हाल की घटना बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा वीडियो हालिया नहीं है। असल में यह मामला साल 2024 का है, जब छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक टीचर ने शराब पीकर स्कूल में हुड़दंग मचाया था। जिसके बाद शिक्षक को  न केवल सस्पेंड बल्कि उसे विभागीय जांच के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। पुराने वीडियो को अब हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Rameshwar Bhardwaj’ ने 29 जुलाई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “स्कूल में शराब पी रहें शिक्षक नें कहा …मैं किसी से नहीं डरता, जाओ कलेक्टर को बुलाओ…, सरकारी स्कूल में शिक्षक ने मारे पैग पर पैग….और दो आरक्षण।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी खबर नईदुनिया की वेबसाइट पर मिली। 1 अप्रैल 2024 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”मस्तूरी के मचहा प्राथमिक स्कूल के सहायक शिक्षक एलबी संतोष कुमार केंवट 28 फरवरी को शराब पीकर स्कूल पहुंचा था। बच्चों के सामने क्लास रूम में बैठकर शराब पीने और हुड़दंग मचाने के आरोप में जिला शिक्षाधिकारी ने पहले निलंबित कर दिया था। निलंबन के साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके अलावा विभागीय जांच की अनुशंसा की गई थी। विभागीय जांच में आरोप की पुष्टि और कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने बर्खास्तगी का आदेश जारी कर दिया है। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।”

हमें वीडियो ‘टीवी9 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो रिपोर्ट को 29 फरवरी 2024 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार,” यह मामला मस्तूरी जिला बिलासपुर के एक स्कूल का है। जहां एक टीचर ने स्कूल में शराब पीना शुरू कर दिया था। यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था। मामला संज्ञान में आने के बाद शिक्षक को सस्पेंड कर दिया गया था।”

अमर उजाला की वेबसाइट पर 1 अप्रैल 2024 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”बिलासपुर में एक शिक्षक संतोष कुमार केंवट ने शराब पीकर स्कूल में हुड़दंग मचाया था। जिस पर कलेक्टर के निर्देश पर संतोष कुमार केंवट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच की गई थी। इस संबंध में निलंबित शिक्षक का जवाब संतोषप्रद नहीं पाया गया और जिला शिक्षा अधिकारी ने सहायक शिक्षक संतोष कुमार केंवट को शासकीय सेवा से बर्खास्त कर दिया था।”

वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ी जा सकती हैं।

हमने वीडियो को नईदुनिया डॉट कॉम, रायपुर के आशीष गुप्‍ता के साथ शेयर किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो पुराना है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को 11 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को नालागढ़ का रहने वाला बताया है।

The post Fact Check : स्कूल में शराब पीते टीचर का यह वीडियो है पुराना, हालिया बताकर किया जा रहा शेयर appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments