What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: राजस्थान में पति को बचाने के लिए पत्नी के मगरमच्छ से लड़ने की घटना पुरानी है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की जा रही है। इसमें एक महिला की तस्वीर के साथ मगरमच्छ की फोटो लगी हुई है। पोस्ट में एक व्यक्ति को पट्टियां बांधे हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स तस्वीरों को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह घटना मध्य प्रदेश की है, जहां एक महिला अपने पति को बचाने के लिए मगरमच्छ से भिड़ गई। यूजर इस घटना को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि यह घटना राजस्थान के करौली जिले में अप्रैल 2023 में हुई थी। उस समय महिला अपने पति को बचाने के लिए नदी में कूद गई थी और मगरमच्छ से भिड़ गई थी। इस घटना का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर ‘Ravendra Kumar’ ने 15 जुलाई 2025 को तस्वीरों को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “ये घटना मध्य प्रदेश के चंबल इलाके की है ..

बिमल बाई के पति शाम के टाइम मछली पकड़ने गये उदर  चंबल नदी का ही हिसा है जो आज एक तालाब के रुप में है बहा पर मछली पकड रहे थे अब पता नही ईश्वर जाने क्या हुआ पैर फिसला या मछली को पकड़ने तालाब में गये मगरमच्छ घात लगा के बेठा था जैसे ही पानी में अंदर गया तुरन्त मगरमच्छ ने हमला कर दिया उसके  पास में ही उसकी पत्नी भैंस चरा रही थी बो बोल कर आया था कि शाम को भैस लेआना मेरे पास ही चरा लेना ..उसके पति ने आवाज लगाई बिमला बचा बिमला बिमला ये सुनते ही बिमला बाई दोडकर आई और सीधा पानी में छलांग लगा दी दोनो ने मिलकर मगरमच्छ को मार दिया आज पत्नि दुर्गा बन गई अपने पति की जान बचा ली …।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। etvbharat.com की वेबसाइट पर 12 अप्रैल 2023 को इस बारे में खबर प्रकाशित मिली। इसमें वायरल तस्वीर को भी देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, “राजस्थान के करौली में एक पत्नी ने बहादुरी दिखाते हुए पति को मौत के मुंह से बचा लिया। मंडरायल उपखंड से गुजरने वाली चंबल नदी में एक पशुपालक को मगरमच्छ ने दबोच लिया। मगरमच्छ युवक को पानी में खींचकर ले जा रहा था, लेकिन तभी कुछ दूर पर मौजूद पत्नी ने उसकी चीख सुन ली औऱ लाठी लेकर दौड़ पड़ी. पति के प्राण बचाने के लिए निडर महिला ने लाठी लेकर मगरमच्छ पर हमला बोल दिया और कई वार किए, जिसके बाद वह युवक को छोड़कर पानी में चला गया.पत्नी की बहादुरी से पशुपालक की जान बच गई. हालांकि, मगरमच्छ के हमले में पशुपालक के पांव में गंभीर चोटें आई हैं. जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर आने के बाद हर कोई पशुपालक की पत्नी के साहस और बहादुरी की प्रशंसा कर रहे हैं।”

हमें ‘अमर उजाला राजस्थान’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर घटना का वीडियो मिला। 12 अप्रैल 2023 को अपलोड वीडियो में महिला को घटना के बारे में बताते हुए देखा जा सकता है। बताया गया कि  करौली में चंबल नदी पर विमल मीणा ने मगरमच्छ से बचाई पति बन्ने सिंह मीणा की जान।”

पड़ताल के दौरान हमें घटना से जुड़ी खबर news18.com की वेबसाइट पर मिली। खबर को 14 अप्रैल 2023 को प्रकशित किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया, “यह घटना पूर्वी राजस्थान के करौली की है। एक महिला पति को बचाने के लिए नदी में कूद गई और बहादुरी से अपने पति को मगरमच्छ से बचाया। करीब 5 मिनट चली इस जंग में महिला बिना डरे मगरमछ से लड़ी।”

इस घटना का वीडियो न्यूज 18 इंडिया के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 15 अप्रैल 2023 को अपलोड वीडियो में बताया गया, “राजस्थान से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने पति के प्राणों के लिए खूंखार मगरमच्छ से लड़ गई।  दरअसल, ये कहानी करौली जिले के मंडरायल की है। चंबल नदी में नहाने के दौरान एक शख्स पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर उसकी पत्नी जान बचाने के लिए दौड़ा। करीब 5 मिनट तक वो महिला मगरमच्छ से लड़ती रही और अपने पति की जान बचा ली”

वायरल दावे से जुड़ी अन्य रिपोर्ट्स यहां देखी जा सकती हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने राजस्थान के स्थानीय पत्रकार संतोष पंडेय से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह घटना पुरानी है। महिला ने अपने पति को मगरमच्छ से बचाया था। यह खबर उन्होंने भी कवर की थी।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 5 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

The post Fact Check: राजस्थान में पति को बचाने के लिए पत्नी के मगरमच्छ से लड़ने की घटना पुरानी है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments