नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कन्हैया कुमार को कहते हुए सुना जा सकता है कि राजा का बेटा राजा नहीं बनेगा। लोकतंत्र में वोट तय करेगा। दावा किया जा रहा है कि बिहार बंद के दौरान कन्हैया कुमार को मंच पर चढ़ने ना देने के बाद उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ यह बयान दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फेक है। असल में वायरल वीडियो एडिटेड है। साल 2023 में बेंगलुरु में हुए भारतीय युवा कांग्रेस के एक कार्यक्रम में कन्हैया कुमार ने कांग्रेस और संविधान के समर्थन में यह बात कही थी। इस कार्यक्रम में उन्होंने कई बार राहुल गांधी की तारीफ की थी और बीजेपी पर तंज कसा था। वीडियो के एक हिस्से को दुष्प्रचार की मंशा से एडिट कर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘बिहार Wale’ ने 15 जुलाई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “ये राहुल गांधी को क्यूँ गरिया रहे हैं कन्हैया कुमार ?? पार्टी बदलने वाले हैं क्या ?? अब राहुल गांधी भी समझ गए होंगे… हर लाल झंडा वाला वफादार नहीं होता!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन वन इंडिया हिंदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 28 जुलाई 2023 को शेयर किया गया था। वीडियो में 26.47 मिनट से सुना जा सकता है कि वो लोकतंत्र और संविधान को लेकर बात कर रहे होते हैं। स्पीच में कई बार वो कांग्रेस और राहुल गांधी की तारीफ करते हुए भी नजर आते हैं। वीडियो में 25.42 मिनट से कन्हैया कुमार को कहते हुए सुना जा सकता है, “गांधीवादी एक तरीका है सत्य को किसी गवाही की जरूरत नहीं होती है और गांधीवादी तरीका ये होता है कि आपको बोलने की जरूरत नहीं है। एक्शन ही आपका कम्युनिकेशन होना चाहिये। आपके एक्शन में वो सभी बातें दिखनी चाहिए। एक बात कहिये मैं एक बहुत महंगा शर्ट पहन कर के मोटा-मोटा सोना का सिकड़ी पहनकर के पांच करोड़ का गाड़ी ले करके आपके पास आऊं और मंच पर खड़ा होकर के गरीबी पर भाषण दूं। आप हम पर भरोसा कीजिएगा। एक्शन ही कम्युनिकेशन होता है। हमको अपने एक्शन को कम्युनिकेशन बनाना पड़ेगा और हमारा कम्युनिकेशन बिल्कुल साफ है कि यह देश सबका था, सबका है और सबका रहेगा। यह हमारा संकल्प है। हमारा संकल्प है कि इस देश में पैदा होने वाला कोई भी व्यक्ति चाहे उसकी जाति कुछ भी हो, इस देश में पैदा होने वाला कोई भी इंसान चाहे, उसका लिंग कुछ भी हो, इस देश में पैदा होने वाला कोई भी मनुष्य चाहें, उसका धर्म कुछ भी हो, वो इस देश का नागरिक है और नागरिक होने का मतलब होता है कि राजा का बेटा राजा नहीं बनेगा। लोकतंत्र में वोट से तय होगा कि हमारा शासक कौन बनेगा। और ये जो लोकतंत्र है, ये लोकतंत्र ही भारत की बुनियाद है। इस लोकतंत्र को बचाने का काम यूथ कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता को करना होगा।”
वीडियो को देखने पर हमने पाया कि कन्हैया कुमार ने पीएम मोदी के इंडी गठबंधन के नाम पर कसे तंज का भी जवाब दिया था। वीडियो में कहीं भी कन्हैया कुमार राहुल गांधी के खिलाफ कोई बयान देते हुए नजर नहीं आए।
पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो इंडियन यूथ कांग्रेस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी मिला। वीडियो को 27 जुलाई 2023 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो बेंगलुरु में हुए भारतीय युवा कांग्रेस के एक कार्यक्रम का है।

नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 28 सितंबर 2021 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, कन्हैया कुमार सीपीआई छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने राहुल गांधी की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की थी।
गौरतलब है कि बिहार में मंच पर चढ़ने ना देने को लेकर कन्हैया कुमार का कहना था, “ये मुद्दा नहीं है, ये बिना बात की बात है। आपस में किसी तरह का कोई विवाद नहीं हैं. बिहार के मतदाताओं के मतदान की सुरक्षा के लिए मैं सड़क पर उतरा था, ना कि ट्रक पर चढ़ने।” न्यूज तक की वेबसाइट पर इससे जुड़ी रिपोर्ट मौजूद है।
न्यूज 18 की वेबसाइट पर 15 जुलाई 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, कन्हैया कुमार ने 15 जुलाई 2025 को दिल्ली कांग्रेस के ऑफिस से प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति तथा अपराध की हालिया घटनाओं को लेकर प्रदेश की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधा था।
अधिक जानकारी के लिए हमने बिहार के कांग्रेस प्रवक्ता असितनाथ तिवारी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। कन्हैया कुमार ने राहुल गांधी को लेकर इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है। पुराने और एडिटेड वीडियो को गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को बिहार का रहने वाला बताया है। यूजर एक विचारधारा से प्रेरित पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मंच पर ना चढ़ाने देने के बाद कन्हैया कुमार ने राहुल गांधी पर नहीं कसा यह तंज। वायरल वीडियो एडिटेड है। साल 2023 में बेंगलुरु में हुए भारतीय युवा कांग्रेस के एक कार्यक्रम में कन्हैया कुमार ने कांग्रेस और संविधान के समर्थन में यह बात कही थी। इस कार्यक्रम में उन्होंने कई बार राहुल गांधी की तारीफ की थी और बीजेपी पर तंज कसा था। वीडियो के एक हिस्से को दुष्प्रचार की मंशा से एडिट कर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: कन्हैया का वायरल वीडियो दो साल पुराना, राहुल गांधी को लेकर नहीं कही थी यह बात appeared first on Vishvas News.
0 Comments