What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बिजनौर में ड्रोन चोरों की अफवाह के साथ वायरल हो रहा वीडियो मजदूरों का है, फिरोजाबाद का वीडियो भी फर्जी दावे से शेयर

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। वेस्ट यूपी में ड्रोन चोर की अफवाह काफी तेजी से फैल रही है। सोशल मीडिया पर ड्रोन चोर का बताकर कई पोस्ट वायरल हो रही हैं। इनमें से एक वीडियो में गांव में लोगों को यात्रियों से भरी एक बस को रोके हुए देखा जा सकता है। जबकि दूसरे वीडियो में तारों में अटका एक युवक दिख रहा है। पहला वीडियो सबलपुर मिलक का बताया जा रहा है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि ड्रोन चोर की अफवाह के साथ वायरल हो रहा पहला वीडियो बिजनौर का है, जहां चांदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव में मजदूरों की बस को ग्रामीणों ने चोरों की बस समझकर रोक लिया था। पुलिस ने बाद में बस को वहां से रवाना किया था। जबकि दूसरा वीडियो फिरोजाबाद का है, जहां जून में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक बिजली के तारों पर लटक गया था। बाद में उसे सुरक्षित उतार लिया गया था। वहीं, कई जिलों की पुलिस ने ड्रोन चोरी की अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर its_me_abhishek_king__ ने 26 जुलाई को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। वीडियो में यात्रियों से भरी बस को घेरे ग्रामीणों को देखा जा सकता है। वीडियो पर लिखा है, “सबलपुर मिलक में पड़ी चोरों की बस“।

drone wale chor fake video

इंस्टा यूजर shahrukh_choudhary12 ने भी 27 जुलाई को एक अन्य वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) कर उसे ड्रोन चोर का बताया। इसमें एक युवक को बिजली के तारों पर लटके हुए दिखाया गया है।  

drone wale chor fake video

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने दोनों वीडियो को एक-एक करके चेक किया।

पहला वीडियो

वायरल दावे की जांच के लिए हमने पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। फेसबुक यूजर Akram Khan ने 26 जुलाई को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा कि चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव भगोड़ा में ग्रामीणों ने एक बस को चोरों की बस समझकर पकड़ लिया था, जबकि उसमें एक ही परिवार के लोग मेरठ- मुजफ्फरनगर में काम करने जा रहे थे। पुलिस ने जांच के बाद बस को वहां से रवाना कर दिया था।

drone wale chor fake video

यूट्यूब चैनल BIJNOR KHABAR TV पर 28 जुलाई को इससे संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है। इसके अनुसार, बस में बैठे यात्री चोर नहीं थे, बल्कि वे मजदूर थे, जो सिसोली जा रहे थे। रास्ता बंद होने के कारण ड्राइवर बस को बास्टा-भगोड़ा मार्ग पर निकाल रहा था। इस दौरान ग्रामीणों ने इसे चोरों की बस समझकर रोक लिया था। पुलिस ने जांच के बाद बस को वहां से रवाना किया था।

इस बारे में बास्टा पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप कुमार का कहना है कि यात्रियों से पूछताछ के बाद उन्हें मुजफ्फरनगर के लिए रवाना कर दिया गया था।    

बिजनौर में दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर विरेंद्र जायसवाल ने बताया कि यह घटना 26 जुलाई की है। गांव सबलपुर के पास ग्रामीणों ने एक बस को चोरों की बस समझकर रोक लिया था। कांवड़ यात्रा के चलते रूट डायवर्जन की वजह से बस इस रूट पर आ गई थी। बस में मजदूर सवार थे, जिन्हें पुलिस ने जांच के बाद वहां से रवाना कर दिया था।

वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 1400 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

दूसरा वीडियो

दूसरे वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च करने पर यह वीडियो हमें इंस्टा यूजर kaushal_kumar_2025 की प्रोफाइल पर मिला। इसे 20 जून को अपलोड किया गया है। इसमें बताया गया है कि फिरोजाबाद में युवक नशे की हालत में बिजली के तार पर चढ़ गया था।

drone wale chor fake video

15 जून को ईटीवी भारत की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर छपी है। इसके मुताबिक, फिरोजाबाद में मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक साबिर बिजली के तारों से लटक गया। वह दिल्ली का रहने वाला था और यहां रिश्तेदार के यहां आया था। घटना के समय लाइट नहीं आ रही थी। पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा।

drone wale chor fake video

28 जुलाई को बिजनौर पुलिस की तरफ से पोस्ट कर अफवाहों से सावधान रहने की अपील की गई है। साथ में यह भी अपील की गई कि कोई ड्रोन दिखाई देने पर पुलिस को सूचित करें।

मुरादाबाद पुलिस की तरफ से भी ड्रोन चोरी की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

The post Fact Check: बिजनौर में ड्रोन चोरों की अफवाह के साथ वायरल हो रहा वीडियो मजदूरों का है, फिरोजाबाद का वीडियो भी फर्जी दावे से शेयर appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments