What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : मॉरिटानिया में हज यात्रियों को ले जा रहे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का फर्जी दावा वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। साल 2025 के हज के लिए हज यात्रियों का सऊदी अरब पहुंच चुके हैं, इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। वायरल हो रही पोस्ट में एक तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि पश्चिमी अफ्रीका में स्थित देश मॉरिटानिया से हज के लिए जा रहे यात्रियों से भरा जहाज़ दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। वहीं, दावा किया जा रहा है कि इस दुर्घटना में 220 लोगों की मौत हो गई है।

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। मॉरिटानिया में हज के लिए जा रहे हवाई जहाज का ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है। वायरल हो रही पोस्ट मनगढंत और बेबुनियाद है। इसके अलावा इस फर्जी खबर के साथ विमान हादसे की वायरल हो रही तस्वीर एआई निर्मित है। 

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर ‘मोहम्मद सादिक मेवाती’ ने 30 मई को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, ”मॉरीटानिया का हज विमान लाल सागर के पास गिरकर हुआ दुर्घटनाग्रस्त – 220 हाजी शहीद .. मॉरीटानिया से हज के लिए जा रहा एक विमान दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। यह दुखद घटना लाल सागर (Red Sea) के पास घटी, जिसमें विमान में सवार 220 हाजी साहबान शहीद हो गए। यह हादसा पूरी मुस्लिम उम्मत के लिए गहरे शोक और अफसोस का कारण है। सभी शहीद अल्लाह के वह मेहमान थे जो उसके घर – काबा शरीफ – की ज़ियारत के लिए जा रहे थे। हम दुआ करते हैं कि अल्लाह तआला सभी शहीदों को जन्नतुल फिरदौस में आला से आला मकाम अता फरमाए और उनके परिवारों को सब्र-ए-जमील अता करे। आमीन।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने न्यूज़ सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें इस मामले से जुड़ी कोई पुख्ता जानकारी हासिल नहीं हुई। हालांकि, अगर इतने बड़े पैमाने पर कोई विमान हादसे का शिकार होता हुआ होता, तो इस मामले से जुड़ी खबर अंतरराष्ट्रीय  मीडिया में जरूर मौजूद होती।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने अलग- अलग कीवर्ड के साथ इस मामले से जुड़ी जानकारी हासिल करने की कोशिश की। सर्च किये जाने पर हमें ‘इंडिपेंडेंट हज रिपोर्टर्स ऑफ नाइजीरिया” नाम के एक फेसबुक पेज पर इस मामले से जुड़ी एक पोस्ट मिली। 28 मई 2025 की इस पोस्ट में लिखा है, ” मॉरिटानिया के तीर्थयात्रियों के विमान के लाल सागर तट पर दुर्घटनाग्रस्त होने की अफवाह झूठी है। इस्लामिक मामलों के मंत्रालय में मॉरिटानिया के हज निदेशक एल वली ताहा ने इस दावे का खंडन करते हुए पुष्टि की कि मॉरिटानिया के सभी तीर्थयात्री सुरक्षित हैं और बिना किसी घटना के पवित्र भूमि पर पहुंच गए हैं।”

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें मॉरिटानिया एयरलाइन्स के ऑफिशियल फेसबुक पेज पर वायरल पोस्ट का खंडन मिला। 27 मई को की गई पोस्ट में लिखा है, “कुछ विदेशी सोशल मीडिया पेजों पर मॉरिटानियाई तीर्थयात्रियों को ले जा रहे एक विमान के लाल सागर में दुर्घटनाग्रस्त होने की दुर्भावनापूर्ण अफ़वाहें फैलाई जा रही हैं। ये रिपोर्ट पूरी तरह से निराधार हैं। मॉरिटानिया एयरलाइंस पुष्टि करती है कि सभी मॉरिटानियाई तीर्थयात्री पवित्र भूमि पर सुरक्षित पहुंच चुके हैं।”

वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने मॉरिटानिया के ‘अल्हदेव’ न्यूज़ वेबसाइट के पत्रकार सद्दाम अलददाह से ईमेल के जरिए संपर्क किया। उन्होंने हमें पुष्टि देते हुए बताया, पिछले कई दिनों से यह अफवाहें फैल रही हैं, लेकिन मॉरिटानिया का ऐसा कोई हवाई जहाज़ क्रैश नहीं हुआ है, यह बिल्कुल गलत खबर है।”

वायरल पोस्ट के हवाले से हमने मॉरिटानिया में भारतीय दूतावास से भी संपर्क साधा। हमारे मेल का जवाब देते हुए हमें बताया गया, ‘हज यात्रियों को ले जा रहे मॉरिटानिया के विमान की दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की खबरें फर्जी हैं।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने इस दावे के साथ वायरल हो रही फोटो को गौर से देखा। तस्वीर को  गौर से देखे जाने पर हमें  इसमें कुछ कमियां नजर आयीं। जैसे विमान में नजर आ रही खिड़कियों के आका टेढ़े हैं। वहीं, विमान के इर्द- गिर्द नजर आ रहे बचावकर्मी भी स्पष्ट रूप से  बनावटी नजर आये। इन सबसे हमें इस तस्वीर के एआई से बने होने का संदेह हुआ।

हमने इस फोटो को एआई तस्वीरों की जांच करने वाले टूल हाइव मॉडरेशन में अपलोड किया और इसमें मिले नतीजे के मुताबिक, 99.2 फीसद यह तस्वीर एआई से बनी है। 

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 23 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

The post Fact Check : मॉरिटानिया में हज यात्रियों को ले जा रहे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का फर्जी दावा वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments