नई दिल्ली (Vishvas News)। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच अभी तनाव बरकरार है। फिलहाल दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम चल रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान ने मुंबई पर हमला कर दिया है। वीडियो में किसी शहर के ऊपर मिसाइल से हमला होते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की पड़ताल की। हमने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। वायरल वीडियो का मुंबई से कोई संबंध नहीं है। वीडियो उस वक्त का है, जब ईरान की ओर से इजराइल पर मिसाइल से हमला किया गया था।
क्या हो रहा है वायरल
skbindas353 नाम के एक थ्रेड यूजर ने 10 मई को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए दावा किया कि मुंबई में अभी-अभी हमला हुआ।
वीडियो के ऊपर 10 मई लिखा गया।
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के बारे में सच पता लगाने के लिए सबसे पहले हमने गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया और मुंबई के नाम से वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया।
हमें ऑल इंडिया रेडियो न्यूज के फेसबुक पर असली वीडियो मिला। 2 अक्टूबर 2024 को इसे पोस्ट करते हुए बताया गया कि ईरान ने इजरायल के ऊपर एक के बाद एक कई मिसाइल अटैक किया।
यही वीडियो हमें न्यूयॉर्क पोस्ट के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। इसे 2 अक्टूबर 2024 को पोस्ट करते हुए लिखा गया कि ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों के हमले ने इजरायल की सुरक्षा को ध्वस्त कर दिया। तेल अवीव और अन्य आबादी वाले केंद्रों पर दर्जनों हमले देखे गए।
अब तक की जांच से यह साफ हो गया कि विदेश के पुराने वीडियो को मुंबई में हमले के झूठे दावे के साथ वायरल किया गया है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मुंबई के पत्रकार सर्वेश पाठक से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो फेक है। मुंबई में इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है।
पड़ताल के अंत में हमने फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की। इसके बारे में कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। मुंबई में हमले का बताकर ईरान की ओर से इजरायल पर अटैक की गई मिसाइल के वीडियो को वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check : इजरायल पर किए गए मिसाइल अटैक के पुराने वीडियो को मुंबई पर हमला बताकर किया गया वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments