नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर रैली का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बहुत सारे लोगों को एक काफिले के साथ जाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली के जंतर-मंतर पर वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन का है।
विश्वास न्यूज की जांच में वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत साबित हुआ। दरअसल, वायरल हो रहा वीडियो भारत से संबंधित नहीं है। वीडियो करीब एक साल पुराना है और पोप फ्रांसिस के ईस्ट तिमोर में किये गए एक दौरे का है, जिसे अब यूजर्स दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन का बताकर शेयर कर रहे हैं। पहले भी यह वीडियो एक अन्य दावे के साथ वायरल हुआ था। उस समय भी हमने इसकी जांच की थी।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर asif_yusuf_official_hyc ने 17 मार्च 2025 को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “चलो दिल्ली 17 मार्च जंतर-मंतर पर।”
वीडियो पर लिखा हुआ है, “लगाओ स्टोरी इंडियन मुस्लिम सिर्फ अमन चाहता है गलती से भी कमजोर समझने की गलती मत करना 17 march jantar mantar.”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो Nguyễn Văn Hùng नामक फेसबुक अकाउंट पर 12 सितंबर 2024 को शेयर हुआ मिला। वियतनामी भाषा में लिखे कैप्शन के मुताबिक, वीडियो ईस्ट तिमोर का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो मोरक्को न्यूज के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 16 सितंबर 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो पोप फ्रांसिस के ईस्ट तिमोर में किए गए एक दौरे का है।
हमने जब पोप फ्रांसिस की ईस्ट तिमोर में की गई रैली के बारे में सर्च किया, तो हमें इससे जुड़ी कई न्यूज रिपोर्ट्स मिली, जिनमें वायरल पोस्ट से मिलते-जुलते कई वीडियो मौजूद थे। इन रिपोर्ट्स को सितंबर 2024 में अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के मुताबिक, जब पोप फ्रांसिस ईस्ट तिमोर में दौरा करने के लिए पहुंचे थे, तो उन्हें देखने के लिए करीब 6 लाख लोग इकट्ठा हुए थे। पोप फ्रांसिस ने लोगों के साथ मिलकर मार्च भी निकाला था।
अधिक जानकारी के लिए हमने दिल्ली के जंतर-मंतर पर इस प्रदर्शन को कवर करने वाले दैनिक जागरण के पत्रकार निमेश कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो जंतर-मंतर का नहीं है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 17 मार्च 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने जंतर-मंतर पर वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जंतर-मंतर पर जुटे थे।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 20 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: जंतर-मंतर पर वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 के विरोध प्रदर्शन के नाम पर वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। दरअसल, वायरल हो रहा वीडियो भारत से संबंधित नहीं है। वीडियो करीब एक साल पुराना है और पोप फ्रांसिस के ईस्ट तिमोर में किये गए एक दौरे का है, जिसे अब यूजर्स दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन का बताकर शेयर कर रहे हैं।
The post Fact Check : वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जोड़ते हुए वायरल किया गया विदेश का वीडियो appeared first on Vishvas News.
vides d’intelligence mais pleins de fierté et de haine … Cette vidéo est la visite du pape François le 9 septembre au Timor oriental
(@Moroccolitik)
0 Comments