What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: विधायक की गाड़ी रोकते पुलिसकर्मी का वायरल हो रहा वीडियो स्क्रिप्टेड है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)।सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल किया जा रहा है, जिसमें एक कथित पुलिसकर्मी एक ब्लैक फिल्म लगी गाड़ी को रोकते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में दिख रहा दूसरा व्यक्ति विधायक बताया गया और वो पुलिसकर्मी की बात बड़े ऑफिसर से करवाता है। वीडियो में सुना जा सकता है कि फोन में कथित अफसर विधायक को जाने देने को कहता है। पुलिसकर्मी ऐसा करने से मना कर देता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो असली है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो वास्तव में स्क्रिप्टेड यानी क्रिएट किया गया है, जिसे सच्ची घटना का बताते हुए गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। यह वीडियो सिर्फ मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

सोशल मीडिया यूजर ‘Anurag Tiwari’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “यह सिर्फ एक रील नहीं है बल्कि यह वीडियो उस पुलिस प्रशासन के गाल पर तमाचा है जो रसूखदारों के चंद रिश्वत के सामने बेगुनाहों की जिंदगी खराब कर देते है।

देश में ऐसे पुलिस वालों की जरूरत है, सांसद हो या विधायक नहीं सुनने वाला, सस्पेंड करना है कर दो, इस्तीफा चाहिए अभी ले लो..।

सेल्यूट सर जी”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो Monty Deepak Sharma नाम के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला। 6 फरवरी 2025 को अपलोड वीडियो में 16 सेकंड पर लिखा हुआ देखा जा सकता है कि यह वीडियो मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया है।

हमने इस यूट्यूब चैनल को पूरा सर्च किया। हमें वीडियो में मौजूद सभी लोगों के कई वीडियो मिले।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने मोंटी दीपक शर्मा के सोशल मीडिया हैंडल को चेक किया। हमें वायरल वीडियो में नजर आ रहे कलाकारों के कई वीडियो मिले। मोंटी दीपक शर्मा ने फेसबुक बायो में भी खुद को एक्टर और डिजिटल क्रिएटर बताया है।

हमारी यहां तक की पड़ताल से यह बात स्पष्ट हुई कि वायरल वीडियो असली नहीं है, बल्कि स्क्रिप्टेड है। जिसे मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया है। वीडियो की पुष्टि के लिए हमने मोंटी दीपक शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वीडियो स्क्रिप्टेड है। वीडियो में दिख रहे सभी कलाकार हैं। वीडियो मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया है।

विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर ऐसे कई स्क्रिप्टेड वीडियो से जुड़ी फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 3 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

The post Fact Check: विधायक की गाड़ी रोकते पुलिसकर्मी का वायरल हो रहा वीडियो स्क्रिप्टेड है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments