What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : जियो की फर्जी वेबसाइट के जरिए रिचार्ज के नाम पर की जा रही धोखाधड़ी

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि रिलायंस जियो ने होली के मौके पर नया ऑफर जारी किया है। इस ऑफर के तहत 666 वाला रिचार्ज सिर्फ 149 रुपये में, 1099 वाला रिचार्ज सिर्फ 199 रुपये में और 1499 वाला रिचार्ज 249 रुपये में किया जा सकता है। पोस्ट में एक लिंक भी दिया है और कहा जा रहा है कि लिंक पर क्लिक कर रिचार्ज किया जा सकता है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल लिंक फर्जी है। लोगों के साथ धोखाधड़ी करने और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए इस वेबसाइट के लिंक को शेयर किया जा रहा है। यह असली जियो की वेबसाइट का लिंक नहीं है। असली वेबसाइट पर हमें इस तरह का कोई ऑफर नहीं मिला।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘xgiichijghi’ ने 18 फरवरी 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए अंग्रेजी कैप्शन में लिखा है, 2025 एडवांस होली. सेल आउट ऑफर जल्दी करें। 

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

लिंक की सच्चाई जानने के लिए हमने वायरल पोस्ट में मौजूद लिंक के यूआरएल पर गौर किया। हमने पाया कि असली वेबसाइट का लिंक जियो डॉट कॉम है। हमने वेबसाइट पर जाकर लेटेस्ट ऑफर के बारे में चेक किया। हमें ऐसा कोई ऑफर वहां पर नहीं मिला। 

वायरल पोस्ट में मौजूद लिंक की सच्चाई जानने के लिए जब हमने उस पर क्लिक किया। हमारे सामने top.dbins.online नामक यूआरएल खुलकर सामने आ गया। वेबसाइट का लुक जियो की ही तरह था। लेकिन यहां  मौजूद जानकारी के मुताबिक, इस वेबसाइट से जियो, वोडाफोन, एयरटेल और बीएसएनल सभी के रिचार्ज किये जा सकते हैं। पहले यह एक टेलिकॉम कंपनी को चुनने के लिए कहते हैं फिर निजी जानकारी मांगी जाती है और उसके बाद ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए कहा जाता है। जब हमने वेबसाइट पर गलत जानकारियां भरी उसके बाद भी यह हमें पेमेंट ऑप्शन पर ले आया और रिचार्ज पाने के लिए पेमेंट करने के लिए कहता है। इसके बाद यह साफ हो जाता है कि यह वेबसाइट फर्जी है और लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के लिए बनाई गई है, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा सके।

हमने वेबसाइट के बारे में और जानने के लिए whois पर चेक किया। हमने पाया कि इस वेबसाइट को यूएस और यूरोप में प्राइवेट यूजर द्वारा जनवरी 2025 में बनाया गया है। इसे जियो की प्रॉक्सी के तौर पर बनाया गया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने  साइबर एक्सपर्ट एवं सेंटर फॉर रिसर्च ऑन साइबर क्राइम एंड साइबर लॉ के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि ऑफर्स के नाम पर धोखाधड़ी करना हैकर्स के लिए काफी आसान है। वो यूजर्स को ऑफर का लालच देते हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। इसके लिए वो प्रॉक्सी वेबसाइट्स का इस्तेमाल करते हैं, जो कि हूबहू असली जैसी दिखती है। लेकिन लुभावने ऑफर्स के लालच में आकर हमें किसी भी लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। यूआरएल के लिंक की जांच करनी चाहिए, निजी जानकारी को शेयर करने से बचना है। 

अंत में हमने पोस्ट को गलत दावों के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह की फर्जी पोस्ट को शेयर करता है। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जियो ऑफर के नाम से वायरल लिंक फर्जी है। लोगों के साथ धोखाधड़ी करने और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए इस वेबसाइट के लिंक को शेयर किया जा रहा है। यह असली जियो की वेबसाइट का लिंक नहीं है। असली वेबसाइट पर हमें इस तरह का कोई ऑफर नहीं मिला।

The post Fact Check : जियो की फर्जी वेबसाइट के जरिए रिचार्ज के नाम पर की जा रही धोखाधड़ी appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments