नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दो बच्चों को हाथ में लिए बेड पर लेटी हुई अभिनेत्री अथिया शेट्टी की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि क्रिकेटर केएल राहुल और एक्ट्रेस अथिया शेट्टी के घर बेटे ने जन्म लिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल तस्वीर एडिटेड है। केएल राहुल और अथिया शेट्टी के घर बेटे के पैदा होने की कोई खबर सामने नहीं आई है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर Cricmedia2024 ने 6 फरवरी 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “KL राहुल बने पिता उनकी पत्नी “अथिया” ने दिया एक बेटे को जन्म बधाई रुकनी नहीं चाहिए दोस्तो..।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर में अथिया के हाथ में 2 बच्चे हैं, जबकि पोस्ट में एक बेटे के होने की बात कही गयी थी। वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें कोई खास जानकारी हाथ नहीं लगी।
वहीं, यांडेक्स रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह तस्वीर कई जगह मिली। कहीं महिला के चेहरे की जगह कॉमेडियन और टीवी पर्सनैलिटी भारती सिंह थीं, तो कहीं पाकिस्तानी अदाकारा अयमान खान। इसी तस्वीर पर ईशा अंबानी का चेहरा लगकर भी शेयर किया जा चुका है।

हमें असली तस्वीर तो नहीं मिली, मगर ये साफ़ है ये वायरल तस्वीर एडिटेड है।
इसके बाद हमने कीवर्ड्स से ढूंढा कि क्या केएल राहुल और अथिया शेट्टी के बच्चा होने की कोई खबर सामने आई है? इन दोनों ने 8 नवंबर 2024 को एक इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर कर जानकारी दी थी कि 2025 में उनके घर बच्चे का जन्म होने वाला है।

अथिया ने 29 जनवरी को अपने बेबी बंप को फ्लॉन्ट करते हुए कुछ तस्वीरें भी शेयर की थी, मगर कहीं भी उन्होंने बच्चा होने को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है।
कीवर्ड सर्च करने पर हमें ख़बरों में भी कहीं केएल राहुल और अथिया शेट्टी का बच्चा होने को लेकर कोई प्रामाणिक खबर नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के लिए एंटरटेनमेंट बीट कवर करने वाली स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। केएल राहुल और अथिया शेट्टी की तरफ से अभी तक बच्चे के होने की कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Cricmedia2024 के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 34000 से ज्यादा यूजर फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: बच्चों के साथ नजर आ रही अथिया शेट्टी की वायरल तस्वीर एडिटेड है appeared first on Vishvas News.
0 Comments