नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर अलग- अलग दावों के साथ चार वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन सभी वीडियो में ऊंची इमारतों को आग की चपेट में देखा जा सकता है, वहीं किसी- किसी वीडियो में दमकल कर्मचारी आग बुझाते हुए भी नजर आ रहे हैं। वायरल हो रहे इन तमाम वीडियो के साथ अलग- अलग दावे किये जा रहे हैं। पहले पोस्ट का दावा है कि जलती बिल्डिंग का यह वीडियो कश्मीर का है, वहीं दूसरी पोस्ट को शेयर कर प्रधानमंत्री की बिल्डिंग में आग लग जाने का दावा किया जा रहा है।
वायरल हो रही तीसरी पोस्ट को शेयर कर यह कहा जा रहा है कि 4 फरवरी 2025 को मुकेश अम्बानी की जिओ कंपनी में आग लग गई और यह उसी का यह वीडियो है। वहीं, चौथी पोस्ट में जंगलों के बीच जलती इमारतों के साथ यूजर ने दावा किया कि दुबई में आग में लगी है, जिसकी चपेट में आने से करोड़ों लोगों की जान चली गई।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पडताल में पाया कि वायरल किये जा रहे चारों ही दावे फर्जी और बेबुनियाद हैं। यह सभी वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स की मदद से बनाये गए हैं। एआई से तैयार किये गये वीडियो के साथ झूठ फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
इंस्टाग्राम पेज ‘official_rajkumar_ji_78’ (आर्काइव लिंक) ने पहली वायरल पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, “कश्मीर में लगी बहुत भयानक आग गई लाखों लोगों की जान।”
दूसरी पोस्ट (आर्काइव लिंक) में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर लगी है और वीडियो में लिखा है, “प्रधानमंत्री मोदी की बिल्डिंग में लगी आग लाखों लोगों की गई जान।”
तीसरी पोस्ट (आर्काइव लिंक) में मुकेश अंबानी की फोटो के साथ लिखा हुआ है ,”मुकेश अंबानी की जियो कंपनी में लगी बहुत भयानक आग गई हजारों लोगों की जान 4 /2 / 2025”.
चौथी पोस्ट (आर्काइव लिंक) में लिखा है, “3/ 2/ 2025 दुबई में बहुत खतरनाक आग गई करोड़ों लोगों की जान।”

पड़ताल
वायरल हो रही इन चारों पोस्ट की हमने अलग- अलग पड़ताल करने का फैसला किया।
पहली पोस्ट
पहले वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया गया है कि यह वीडियो कश्मीर का है, जिसमें लाखों लोगों की जान चली गई है। पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने न्यूज़ सर्च किया, लेकिन हमें पूरे कश्मीर में इतने बड़े पैमाने पर आग लगने से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली, अगर ऐसी कोई भी खबर सच होती तो विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट पर जरूर मिलती।
वीडियो हमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार किया हुआ लगा। हमने फोटो को एआई की मदद से बने मल्टीमीडिया की जांच करने वाले टूल्स की मदद से सर्च किया। हमने वीडियो को हाइव मॉडरेशन टूल पर अपलोड किया। टूल ने पहली फोटो को 97 फीसदी तक एआई द्वारा बनाये जाने की संभावना जताई है।

हमने एक अन्य टूल, एआई इमेज डिटेक्टर के जरिए भी वीडियो के एक फ्रेम को सर्च किया। इस टूल में 94.59 फीसदी एआई जेनरेटेड बताया गया।

दूसरी पोस्ट
दूसरी पोस्ट को शेयर कर प्रधानमंत्री मोदी की बिल्डिंग में आग लग जाने का दावा किया जा रहा है। न्यूज़ सर्च किये जाने पर हमें इससे जुडी कोई जानकारी हासिल नहीं हुई। वायरल वीडियो को हाइव मॉडरेशन पर अपलोड किये जाने पर इसके 75.9 प्रतिशत एआई से बने होने की सम्भावना निकली।

वहीं, एआई इमेज डिटेक्टर के वीडियो की स्क्रीनशॉट को हमने सर्च किया। टूल ने फोटो को 96.01 प्रतिशत एआई-जेनरेटेड बताया है।

तीसरी पोस्ट
तीसरी पोस्ट को शेयर कर यह कहा गया है कि 4 फरवरी 2025 को मुकेश अंबानी की जिओ कंपनी में आग लग गई और यह उसी का वीडियो है। न्यूज़ सर्च किये जाने पर हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली। हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट को hivemoderation.com टूल के माध्यम से सर्च किया। टूल ने इसको 98.4 प्रतिशत एआई से बना हुआ बताया है।

एआई इमेज डिटेक्टर पर अपलोड किये जाने पर मालूम हुआ कि 90.85 प्रतिशत यह वीडियो एआई है।

चौथी पोस्ट
चौथी पोस्ट में जंगलों के बीच जलती इमारतों के साथ यूजर ने दावा किया है कि दुबई में आग में लगी है, जिसकी चपेट में आने से करोड़ों लोगों की जाने चली गई। न्यूज़ सर्च किये जाने पर हमें इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हासिल नहीं हुई। अगर ऐसे कोई भी खबर सच होती तो अंतरराष्ट्रीय मीडिया में जरूर मौजूद होती।
वायरल वीडियो को हाइव मॉडरेशन पर अपलोड किये जाने पर इसके 96.5 प्रतिशत एआई से बने होने की संभावना निकली।

वहीं, एआई इमेज डिटेक्टर के वीडियो की स्क्रीनशॉट को हमने सर्च किया। टूल ने फोटो को 90.56 प्रतिशत एआई-जेनरेटेड बताया है।

हमने वायरल पोस्ट को एआई एक्सपर्ट अज़हर माचवे को भेजा। उन्होंने इन चारों वीडियो के एआई द्वारा बनाये जाने की पुष्टि करते हुए बताया, “ये वीडियो वास्तविक नहीं हैं और इस सभी को एआई की मदद से बनाया गया है।
अब बारी थी इन सभी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम हैंडल ‘official_rajkumar_ji_78’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 2454 लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पडताल में पाया कि वायरल किये जा रहे यह चारों ही दावे फर्जी और बेबुनियाद हैं। यह सभी वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के टूल्स से बनाये गए हैं। एआई से तैयार किये गये वीडियो के साथ झूठ फैलाया जा रहा है।
The post Fact Check : कश्मीर से लेकर दुबई तक में आग के नाम पर AI जेनरेटड वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments