नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ऑनलाइन शॉपिंग के लिए फ्लिपकार्ट लोगों की पसंदीदा वेबसाइट में से एक हैं। लोग अक्सर फ्लिपकार्ट पर शॉपिंग करने के लिए ऑफर्स और सेल का इंतजार करते हैं, ताकि वो कम पैसों में अपनी जरूरत और पसंद की चीजों को खरीद पाएं। इसी का फायदा ठगी करने वाले उठाते हैं, वो नकली वेबसाइट बनाकर लोगों को लुभावने ऑफर्स देते हैं, ताकि लोगों को झांसे में फंसाकर उन्हें आर्थिक हानि पहुंचा सकें। आज हम आपको फ्लिपकार्ट की तरह पांच नकली वेबसाइट, फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज के बारे में बताने जा रहे हैं, जो कि लोगों को लुभावने ऑफर्स देकर झांसे में फंसती हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाती हैं।
विश्वास न्यूज ने रिसर्च कर कुछ ऐसे इंस्टाग्राम और फेसबुक पेज निकाले हैं, जो कि नकली फ्लिपकार्ट वेबसाइट को प्रमोट कर रहे हैं। इनकी वजह से लोगों को आर्थिक हानि का भी सामना करना पड़ा है। वहीं, कई इंस्टाग्राम पेज यूजर्स को टेलीग्राम पर रिडायरेक्ट कर उनके साथ ठगी करते हैं।
पहला इंस्टाग्राम पेज

Bjfhgdgddgd नामक एक इंस्टाग्राम पेज पर मौजूद एक पोस्ट (आर्काइव लिंक) के मुताबिक, फ्लिपकार्ट बिग सेविंग डेज नामक एक सेल चला रहा है। इस सेल में नॉन स्टिक कुकवेयर का 7 हजार का सेट सिर्फ 392 में खरीदा जा सकता है। इस पोस्ट में एक लिंक भी दिया गया है। लिंक पर क्लिक करने पर हम shop.offerindia.xyz नामक एक फ्लिपकार्ट जैसी दिखने वाली वेबसाइट पर पहुंच जाते हैं। वहां पर लुभावने ऑफर दिखाये जाते है। मात्र 300 रुपये में कुकवेयर का पूरा सेट उपलब्ध दिखाया जाता है। इसके बाद उसे एड टू कार्ट में डालने पर वहां पर यूजर की सारी जानकारी मांगी जाती है। इसके बाद पेमेंट का मोड ऑनलाइन यानी की सिर्फ गूगल पे और फोन पे के जरिए पे करने के लिए ही कहा जाता है। वेबसाइट पर प्रोडक्ट्स के अलावा कोई और जानकारी नहीं मौजूद है। जैसे कि अबाउट अस, कांटेक्ट अस, इमेल आई और कस्टमर केयर का नवंबर। इतना ही नहीं, जब आप नकली वेबसाइट पर स्क्रॉल करते हैं और नीचे जाते हैं। वेबसाइट प्रोडक्ट पर खत्म हो जाती है। जबकि असली वेबसाइट में ऐसा नहीं होता है। इसके अलावा गौर करने पर हमने पाया कि सभी पोडक्ट की रेटिंग एक जैसी है।

पोस्ट को खंगालने पर हमने पाया कि ज्यादात यूजर्स ने कमेंट में इस ऑफर और वेबसाइट को फर्जी बताया है। यूजर्स ने यह भी बताया है कि उन्होंने इस पर भरोसा करते हुए ऑर्डर किया था, लेकिन वो धोखाधड़ी का शिकार हो गए। उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। कई यूजर्स कमेंट में अपने पैसे भी वापस मांग रहे हैं।

इंस्टाग्राम पर पेज के बारे में मौजूद जानकारी के मुताबिक, इसे अगस्त 2024 में शुरू किया गया था। इसे यूनाइटेड अरब अमीरात से चलाया जाता है। इस पेज पर इस तरह की अन्य पोस्ट मौजूद है।
फ्लिपकार्ट के नाम से बनी फर्जी वेबसाइट के बारे में और जानने के लिए हमने whois पर चेक किया। हमने पाया कि इस वेबसाइट को यूएस में प्राइवेट यूजर द्वारा दिसंबर 2024 में बनाया गया है। इसे फ्लिपकार्ट की प्रॉक्सी के तौर पर बनाया गया है।

दूसरा इंस्टाग्राम पेज

इसी तरह से shopping_store20 नामक एक इंस्टाग्राम पेज ने एक पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर किया हुआ है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि फ्लिपकार्ट पर ऑफर चल रहा है। इस ऑफर के तहत 23 हजार से लेकर 45 हजार तक के मिक्सर ग्राइंडर सिर्फ 299 में मिल रहा है। लिंक पर क्लिक कर ऑर्डर करें। लिंक पर करते ही हमारे सामने greatoffer.xyz नामक एक यूआरएल खुलकर सामने आ जाता है। यह वेबसाइट भी हूबहू फ्लिपकार्ट जैसी दिखती है। फिर हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए ऑर्डर करने की कोशिश की। हमने पाया कि इस वेबसाइट पर भी कैश ऑन डिलीवरी का ऑप्शन नहीं है। यहां पर भी ऑर्डर पाने के लिए पहले ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए कहा जा रहा था।
पेज को खंगालने पर हमने पाया कि यह पेज अगस्त 2024 से एक्टिव है और अकाउंट पर पेज की लोकेशन को भारत क बताया गया है।

Greatoffer.xyz नामक फ्लिपकार्ट के नाम से बनी नकली को जब हमने whois पर चेक किया। हमने पाया कि इस वेबसाइट को यूएस के एरिजोना शहर में प्राइवेट यूजर द्वारा फरवरी 2025 में बनाया गया है। इसे फ्लिपकार्ट की प्रॉक्सी के तौर पर बनाया गया है।

तीसरा इंस्टाग्राम पेज

सर्च के दौरान हमें इंस्टाग्राम का Fuiwibqb नामक एक तीसरा पेज मिला। इस पेज पर एक पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए दावा किया गया था कि फ्लिपकार्ट पर बिग सेविंग डेज सेल चल रही है। इस सेल में 4399 वाला चूल्हा सिर्फ 395 में दिया जा रहा है। यहां पर भी यही कहा गया कि लिंक पर क्लिक कर ऑर्डर करने के लिए कहा गया है। लिंक पर क्लिक करते ही हमारे सामने फ्लिपकार्ट जैसी एक वेबसाइट खुलकर सामने आ गई, जिसका यूआरएल था new.flipkartx.com जब हमने इस वेबसाइट के बारे में खंगालना शुरू किया। हमने पाया कि इसे भी लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से बनाया गया है।

हमने जब इस पेज के बारे में सर्च करना शुरू किया, तो हमने पाया कि दिसंबर 2024 से एक्टिव है और अकाउंट पर पेज की लोकेशन को भारत क बताया गया है। इस पेज पर इस तरह की और भी पोस्ट मौजूद हैं।
इस वेबसाइट के बारे में भी जब हमने whois पर चेक किया। हमने सामने यही जानकारी सामने आई की इसे भी यूएस में प्राइवेट यूजर द्वारा दिसंबर 2024 में बनाया गया है। इसे फ्लिपकार्ट की प्रॉक्सी के तौर पर बनाया गया है।
चौथा इंस्टाग्राम पेज

हमें Pevduov नामक एक इंस्टाग्राम पेज मिला। पेज पर मौजूद एक पोस्ट (आर्काइव लिंक) में दावा किया गया है कि फ्लिपकार्ट सेल में सैमसंग से लेकर एप्पल तक के फोन सिर्फ 499 रुपये में मिल रहे हैं। साथ ही पोस्ट में कहा गया है कि ऑर्डर करने के लिए लिंक पर क्लिक करें। लिंक पर क्लिक करने पर हमारे सामने shop.flipkartx.com नामक एक यूआरएल खुलकर सामने आया। वेबसाइट का लुक हूबहू फ्लिपकार्ट जैसा ही था और यहां पर एप्पल से लेकर सैमसंग के फोन सिर्फ 499 में मिल रहे थे। वहीं, जब हमने इसके बारे में हमने खंगाला, तो पाया कि यह भी फेक वेबसाइट है, जिसके जरिए लोगों को ठगा जा रहा है।

इस पेज के बारे में खंगालने पर हमने पाया कि दिसंबर 2024 से एक्टिव है और अकाउंट पर पेज की लोकेशन को भारत क बताया गया है। इस पेज पर इस तरह की और भी पोस्ट मौजूद हैं।
इस पोस्ट के कमेंट में भी लोगों ने इसे फेक बताया था। साथ ही बताया था कि किस तरह से उनके साथ ठगी हुई है।
shop.flipkartx.com के बारे में भी हमें whois यही जानकारी मिली कि इसे भी यूएस में प्राइवेट यूजर द्वारा फ्लिपकार्ट की प्रॉक्सी के तौर पर दिसंबर 2024 में बनाया गया है।
पांचवीं पोस्ट

इसी तरह से जब हमने फेसबुक पर सर्च किया। हमें फेसबुक पर भी इस तरह के पेज मिले। हमें Great Deal नामक फेसबुक पेज पर एक पोस्ट (आर्काइव लिंक) मिली। पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि फ्लिपकार्ट पर वन प्लस का वायरलेस ईयरफोन सिर्फ 299 में मिल रहा है। लिंक पर क्लिक कर ऑर्डर को बुक किया जा सकता है। लिंक पर क्लिक करने पर हमारे सामने my.happyydeal.shop नामक यूआरएल खुलकर सामने आ गया। ये वेबसाइट भी लोगों के साथ ठगी करने के लिए हूबहू फ्लिपकार्ट की तरह बनाई गई है।

इस पेज को खंगालने पर हमने पाया कि पेज प्राइवेट और यूजर को 1.3 हजार लोग फॉलो करते हैं। मौजूद जानकारी के मुताबिक, पेज को गोवा से संचालित किया जाता है।
My.happyydeal.shop के बारे में whois पर सर्च करने पर हमें ज्यादा जानकारी नहीं मिली। यहां पर हमें यही जानकारी मिली कि इसे फरवरी 2025 को फ्लिपकार्ट की प्रॉक्सी के तौर पर बनाया गया है।
छठी पोस्ट

सर्च करते हुए हम Simple Shop Mart’s नामक एक इसी तरह की फेसबुक पोस्ट (आर्काइव लिंक) पर पहुंचे। इस पोस्ट में Great Deal पेज जैसे ही ऑफर दिया गया था। हालांकि, वेबसाइट का लिंक दूसरा था। लिंक पर क्लिक करने पर हमारे सामने fly.sighub.space नामक एक यूआरएल खुलता है। यह भी फ्लिपकार्ट के नाम पर बनाई गई एक फर्जी वेबसाइट थी, जिसे लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए बनाया गया था।

पेज के बारे में सर्च करने पर हमने पाय कि पेज की ज्यादातर पोस्ट प्राइवेट हैं। पेज पर वेबसाइट या फिर किसी भी बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।
नकली वेबसाइट पर फ्लिपकार्ट की प्रतिक्रिया
फ्लिपकार्ट के नाम पर चल रही वेबसाइट को लेकर हमने मेल के जरिए कंपनी से संपर्क किया। कंपनी ने हमें रिप्लाई करते हुए बताया कि यह सारी वेबसाइट फेक हैं। इन पर भरोसा न करें और इन वेबसाइट के ऑफर्स के लालच में न आये। सिर्फ फ्लिपकार्ट डॉट कॉम ही असली वेबसाइट है। इसी वेबसाइट पर जाकर शॉपिंग करें। दूसरी वेबसाइट और सोशल पेज पर भरोसा न करें। उन्होंने हमें आगे बताया कि वो इस तरह की फर्जी वेबसाइट को लेकर काम कर रहे हैं। उन्होंने फ्लिपकार्ट स्टोरी नामक एक वेबसाइट की शुरुआत की है। इस वेबसाइट पर फर्जी वेबसाइट के बारे में जानकारी दी गई है। साथ ही बचने के तरीकों के बारे में बताया। इतना ही नहीं, वहां पर इस तरह की फर्जी और धोखाधड़ी करने वाली वेबसाइट को रिपोर्ट करने के लिए एक फॉर्म दिया गया है। अगर किसी के साथ धोखाधड़ी की गई है, तो वो हमें फॉर्म भरकर भेजें। हम नकली वेबसाइट पर कार्रवाई करेंगे ।
फ्लिपकार्ट स्टोरी
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने फ्लिपकार्ट स्टोरी पर जाकर सर्च किया। दी गई जानकारी के मुताबिक, फ्लिपकार्ट ने यूजर्स से लुभावने ऑफर्स के झांसे में न आने और सर्तक रहने की सलाह दी है। साथ ही बताया है कि असली और नकली वेबसाइट में किस तरह से अंतर पहचाना जा सकता है। फ्लिपकार्ट स्टोरी पर बताया गया है कि यूजर्स को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे कि व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर लुभावने ऑफर का लालच दिया जाता है और लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा जाता है। फिर उनसे उनकी निजी जानकारी मांगी जाती है। ऐसा करने के लिए फ्लिपकार्ट की ओर से मना किया गया है। साथ ही बताया गया है कि फ्लिपकार्ट में ऑफर्स, फ्री गिफ्ट्स,नए आइटम लॉन्च, जॉब और फ्रेंचाइजी देने के नाम पर भी ठगी की जाती है। फ्लिपकार्ट ने सतर्क रहने के साथ-साथ यूजर्स से आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो करने और नये ऑफर्स को जानने के लिए ऐप के नोटिफिकेशन को ऑन रखने की सलाह दी है।
मेल के जरिए और फ्लिपकार्ट के नाम से आये नकली पार्सल के जरिए भी लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। इसके लिए फ्लिपकार्ट ने कंपनी के टोल-फ्री नबंर पर कॉल करने और ऑर्डर के बारे में पता करने की सलाह दी है। वेबसाइट पर फ्लिपकार्ट के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल के बारे में भी बताया गया है। कंपनी का कहना है कि इस तरह की फर्जी कॉल्स का भरोसा न करें। वेबसाइट पर जाकर कस्टमर केयर के नबंर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराये।

कैसे करें नकली और असली वेबसाइट की पहचान
फ्लिपकार्ट की असली वेबसाइट का यूआरएल फ्लिपकार्ट डॉट कॉम है,जबकि बाकी सारी वेबसाइट का यूआरएल अलग है। हालांकि, उनका लुक हूबहू फ्लिपकार्ट जैसा दिया गया है। सभी वेबसाइट के यूआरएल काफी अलग है। किसी का माय एप्पी डील डॉट शॉप है, तो किसी का शॉप फ्लिपकार्टएक्स डॉट कॉम है। फ्लिपकार्ट से ऑर्डर करने पर वो अपने ग्राहकों को पेमेंट करने के कई तरीके देता है, जैसे कि कैश ऑन डिलीवरी, बैंक के डेबिट और क्रेडिट कार्ड से पेमेंट और ऑनलाइन पेमेंट। फ्लिपकार्ट हर ऑर्डर पर सिर्फ ऑनलाइन पहले पेमेंट का ऑप्शन नहीं देता है। फ्लिपकार्ट की असली वेबसाइट पर उसके बारे में बहुत-सी जानकारी दी गई हैं। जैसे कि इसक ऑफिस कहां पर है और कस्टमर केयर नंबर क्या है। फ्लिपकार्ट से संपर्क करने के लिए अन्य जानकारी भी दी गई है। फ्लिपकार्ट से जुड़ी अन्य वेबसाइट के बारे में भी बताया गया है। फ्लिपकार्ट के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट भी वेबसाइट पर मौजूद हैं। सभी प्रोडक्ट की रेंटिग एक दूसरे से काफी अलग है। जबकि नकली वेबसाइट पर यह सब चीजें मौजूद नहीं है। कंजूमर से जुड़ी पॉलिसी को भी बताया गया है। जबकि नकली वेबसाइट पर यह सब चीजें मौजूद नहीं है। नकली वेबसाइट पर क्लिक करते ही एड टू कार्ट के आईकन पर एक लिखा हुआ रहता है। जैसे कि किसी चीज को कार्ट में जोड़ा गया हो। जबकि असली वेबसाइट में ऐसा नहीं है। असली वेबसाइट पर आपको ऑर्डर से पहले लॉग इन कर अपनी जानकारी देनी होती है। जबकि नकली वेबसाइट पर डायरेक्ट शॉपिंग करने के लिए कहा जाता है।

साइबर एक्सपर्ट की राय
अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि हैकर्स धोखाधड़ी करने के लिए अक्सर ऑफर्स का लालच देते हैं। इसके लिए वो प्रॉक्सी वेबसाइट्स का इस्तेमाल करते हैं। वो हूबहू फ्लिपकार्ट अमेजन जैसी वेबसाइट बनाते हैं और उस पर लुभावने ऑफर देते हैं। चंकि, वेबसाइट हूबहू असली वेबसाइट जैसी दिखती है। इसलिए यूजर्स ज्यादा गौर नहीं करते हैं और धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं। इस तरह से किसी भी पेज पर ऑफर देखकर वहां पर मौजूद अंजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। हमेशा सावधान रहना चाहिए। यह देखना चाहिए कि क्या वह पेज सेफ है और आधिकारिक है। लिंक पर क्लिक करने से पहले यह जांचने जरूरी है कि पेज आधिकारिक है यह नहीं। इसके बाद यूआरएल को चेक करें। अगर यूआरएल सही है। तभी ऑर्डर करें नहीं तो अपनी निजी जानकारी को शेयर करने से बचना चाहिए। फ्लिपकार्ट के आधिकारिक सोशल मीडिया पर जाकर भी चेक करना चाहिए कि क्या कंपनी की तरफ से सेल या ऑफर चल रहा है। उसके बाद ही उस पर यकीन करना चाहिए।
The post Fact Check : 499 रुपये में आईफोन मिलने का दावा स्कैम, फ्लिपकार्ट की नकली वेबसाइट बना हो रही ठगी appeared first on Vishvas News.
0 Comments