What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: ओवैसी के खिलाफ बोलते देवेंद्र फडणवीस का यह वीडियो पुराना है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर 2024 को होने हैं। ऐसे में सभी राजनितिक दलों ने अपनी कैम्पेनिंग जोरों-शोरों से शुरू कर दी है। इस बीच सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ बोलते देखा जा सकता है। यूजर्स इसे हालिया बताते हुए शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो 2022 का है। इस पुराने वीडियो को गलत संदर्भ के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Ravindra Singh Dada (आर्काइव लिंक) ने वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा “ये आग नहीं तो और क्या है? अरे ओवेसी सुन ले…. कुत्ता भी ना पेशाब करेगा औरंगजेब की पहचान पर, अब जो भगवा लहराएगा पूरे हिंदुस्तान पर। Devendra Fadnavis जी 2024 का झटका एक तरह से अच्छा था। हम नया आक्रामक एनडीए देख रहे हैं जिसकी हमें कमी खल रही थी। #विचारोंकीप्रयोगशाला।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो को ठीक से देखा। वीडियो में ऊपर टीवी 9 का लोगो लगा है और तारीख 16 मई 2022 देखी जा सकती है। कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें यह पूरा वीडियो टीवी 9 मराठी के यूट्यूब चैनल पर 16 मई 2022 को अपलोड मिला। यहां इस वीडियो को देवेंद्र फडणवीस के महाराष्ट्र में हुए एक कार्यक्रम का बताया गया।

हमें यह पूरा वीडियो 15 मई 2022 को न्यूज चैनल एबीपी मांझा के यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड मिला। यहां भी ऐसे 15 मई 2022 को देवेंद्र फडणवीस के महाराष्ट्र में हुए एक कार्यक्रम का बताया गया। हमें यह वीडियो NMF News नाम के यूट्यूब चैनल पर भी 17 मई 2022 को अपलोड मिला।

कीवर्ड्स के साथ सर्च करने पर हमें फडणवीस के इस बयान पर मई 2022 की कई खबरें भी मिलीं। रिपोर्ट के मुताबिक देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में एक कार्यक्रम में औवेसी को लेकर ये कहा था। यह कार्यक्रम 15 मई 2022 को हुआ था।

अधिक जानकारी के लिए हमने मिड-डे के वरिष्ठ संवाददाता समीउल्लाह खान से संपर्क किया, जिन्होंने पुष्टि की कि वायरल दावा भ्रामक है। यह वीडियो हालिया नहीं, बल्कि 2022 का है।

पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर रविन्द्र सिंह दादा के 8 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: ओवैसी के खिलाफ बोलते देवेंद्र फडणवीस का यह वीडियो पुराना है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments