नई दिल्ली (Vishvas News)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी एक क्लिप काफी वायरल हो रही है। इसमें उन्हें भोजपुरी अभिनेता प्रदीप पांडे उर्फ चिंटू की एक फिल्म के सीन को देखते हुए दिखाया गया है। कई सोशल मीडिया यूजर्स इस क्लिप को अपने हैंडल पर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह पूरी तरह फर्जी साबित हुई। जांच में पता चला कि असली वीडियो में पीएम मोदी टीवी पर जुलाई, 2019 में चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग का लाइव टेलीकास्ट देख रहे थे। एडिटिंग सॉफ्टवेयर के जरिए वीडियो को एडिट कर भोजपुरी फिल्म का एक हिस्सा इसमें लगाया गया है।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम हैंडल aliguddu5522 ने 7 अक्टूबर को वीडियो को पोस्ट करते हुए दावा किया, “मोदी और चिंटू पांडे का वायरल वीडियो।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां देखा जा सकता है। इसके कंटेंट को ज्यों का त्यों देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच के लिए दो हिस्सों में इसे बांटा। सबसे पहले वायरल क्लिप में इस्तेमाल किए गए सीन को सर्च किया। इसके लिए गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया।
सर्च के दौरान हमें बिग स्टार भोजपुरी नाम के एक यूट्यूब चैनल पर असली वीडियो मिला। इसमें 2:45 मिनट से उस सीन को देखा जा सकता है, जो पीएम मोदी की वायरल क्लिप में इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में बताया गया कि यह सीन भोजपुरी फिल्म का है। इसमें अभिनेता का नाम प्रदीप पांडे चिंटू बताया गया।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने पीएम मोदी के असली वीडियो को सर्च किया। हमें असली और पूरा वीडियो एएनआई के आधिकारिक एक्स हैंडल पर मिला। वीडियो को 22 जुलाई 2019 को अपलोड किया गया था। इसमें बताया गया कि वीडियो तब का है, जब पीएम मोदी चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग का लाइव टेलीकास्ट देख रहे थे।
इसी तरह दूरदर्शन नेशनल के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी यह वीडियो मिला। 22 जुलाई 2019 को पोस्ट किए गए वीडियो के साथ लिखा गया था- पीएम मोदी चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग का लाइव टेलीकास्ट देखते हुए।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो और असली वीडियो के कोलाज के माध्यम से दोनों का एनालिसिस किया। इसे नीचे देखा जा सकता है। इससे स्पष्ट है कि पीएम मोदी के पुराने ऑरिजिनल वीडियो के साथ छेडछाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है।
सोशल मीडिया पर पहले भी ऐसी कई फर्जी क्लिप वायरल हो चुकी है। जिसकी विश्वास न्यूज ने समय-समय पर जांच की। विश्वास न्यूज से बातचीत में बीजेपी के प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री ने भी इसे फर्जी और एडिटेड बताया।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में यूजर के बारे में कोई खास जानकारी नहीं मिली।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में पीएम मोदी से जुड़ी वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। असली वीडियो में पीएम मोदी ‘चंद्रयान 2’ की लॉन्चिंग देख रहे थे। एडिटिंग सॉफ्टवेयर के जरिए इसमें भोजपुरी फिल्म के एक सीन को जोड़कर वायरल किया गया।
The post Fact Check : पीएम मोदी नहीं देख रहे थे भोजपुरी फिल्म, फर्जी है वायरल क्लिप appeared first on Vishvas News.
0 Comments