नई दिल्ली(विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक लिंक को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि फोन पे स्क्रैच कूपन का ऑफर लेकर आया है। लिंक पर क्लिक करने पर 679 रुपए खाते में आ जाएंगे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल लिंक फर्जी है और यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से वायरल किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी अनजान लिंक पर इस तरह से क्लिक नहीं करना चाहिए।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर Giáp Lan ने 20 सितंबर 2024 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “आपने जीते हैं ₹679/- Phonepay स्क्रैच कूपन बधाई हो।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली। हमने फोन पे की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला,लेकिन हमें वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने लिंक को गौर किया। हमने पाया कि लिंक का यूआरएल yoyo22.xyz है, जबकि फोन पे की आधिकारिक वेबसाइट का यूआरएल phonepe डॉट कॉम है।
अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि हैकर्स लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का यह तरीका सबसे आसान मानते है, क्योंकि लोग आसानी से ऑफर के जाल में फंस जाते हैं। हैकर्स लोगों को ऑफर का लालच देते हैं और फिर उनकी निजी जानकारी चुराकर वित्तीय नुकसान पहुंचाते हैं। यहां पर हमें सतर्क रहने की जरूरत है। हमें किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचना है। हमें अपने डिवाइस में सेफ्टी टूल्स को इंस्टॉल करना चाहिए, ताकि हैकर्स इस तरह से नुकसान पहुंचाने की कोशिश करें तो हमें सेफ्टी डिवाइस नोटिफिकेशन दे सकें या फिर हमारे डिवाइस को हैक होने से बचा सकें।
अंत में हमने फर्जी लिंक को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह की फर्जी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि फोन पे के ऑफर के नाम पर किया जा रहा वायरल दावा गलत है। वायरल लिंक फर्जी है और यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से वायरल किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी अनजान लिंक पर इस तरह से क्लिक नहीं करना चाहिए।
The post Fact Check: फोन पे नहीं दे रहा स्क्रैच कूपन जैसा कोई ऑफर, वायरल लिंक फर्जी appeared first on Vishvas News.
0 Comments