What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: विराट कोहली ने नहीं की रामगिरी महाराज की आलोचना, वायरल ऑडियो एआई जेनरेटेड 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर विराट कोहली के एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने रामगिरी महाराज की ओर से मुस्लिम समुदाय पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की आलोचना की है। वीडियो में विराट कोहली को रामगिरी महाराज के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देखा जा सकता है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का ऑडियो एआई जेनरेटेड है, जिसे एडिटिंग टूल्स का इस्तेमाल करते हुए बदल दिया गया है। असली वीडियो में विराट कोहली आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लेकर बात कर रहे हैं। 

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर itz_nuri__islamic__vidieo___ ने 26 सितंबर 2024 को वीडियो को शेयर करते हुए अंग्रेजी में वीडियो पर लिखा है, “विराट कोहली ने मुस्लिम समुदाय का किया समर्थन। ये है असली किंग कोहली।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। हमने विराट कोहली के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

वीडियो के बारे में जानने के लिए हमने इसके इनविड टूल की मदद से कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। वीडियो हमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 26 फरवरी 2022 को अपलोड किया गया था। वीडियो में विराट कोहली आईपीएल और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के बारे में बात करते हुए नजर आ रहे हैं। वो वीडियो में बता रहे हैं कि किस तरह से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उनकी लाइफ को बदल दिया है। 

ऑडियो के बारे में जानने के लिए पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने एआई ऑडियो डिटेक्टर टूल्स का इस्तेमाल किया। इसके लिए हमने इनविड एडवांस का इस्तेमाल किया। इनविड टूल के मुताबिक, वीडियो के ऑडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और ऑडियो में एआई का इस्तेमाल किया गया हैं। 

हमने एक अन्य टूल detect.resemble.ai की मदद से भी ऑडियो के बारे में सर्च किया। इस टूल ने भी ऑडियो को फेक और एआई जेनरेटेड बताया है। 

हाइव मोडरेशन टूल पर जब हमने ऑडियो को सर्च किया तो टूल ने 99 फीसदी तक ऑडियो को एआई टूल की मदद से जनरेट किया हुआ बताया। 

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे एआई एक्सपर्ट अंश मेहरा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। वायरल ऑडियो को एआई की मदद से बनाया गया है, ताकि वो आवाज भी विराट कोहली की ही तरह लगे, जैसा कि इस वीडियो में भी किया गया है। पहले ऑडियो को एआई की मदद से जेनरेट किया गया और फिर वीडियो को एडिट कर इसके साथ जोड़ दिया गया। 

अंत में हमने फेक वीडियो को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को तीन हजार से ज्यादा लोग इंस्टाग्राम पर फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि रामगिरी महाराज के बारे में बात करते विराट कोहली के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का ऑडियो एआई जेनरेटेड है, जिसे एडिटिंग टूल्स का इस्तेमाल करते हुए बदल दिया गया है। असली वीडियो में विराट कोहली आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लेकर बात कर रहे हैं।

The post Fact Check: विराट कोहली ने नहीं की रामगिरी महाराज की आलोचना, वायरल ऑडियो एआई जेनरेटेड  appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments