What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: विमान में कश्मीरी महिला ने राहुल गांधी को सुनाई थी अपनी तकलीफ, पांच साल पुराना वीडियो गलत दावे से वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर में चल रहे विधानसभा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें वीडियो में एक महिला को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को अपनी तकलीफ बताते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कश्मीरी पंडितों ने विमान में राहुल गांधी को घेरकर पूछा कि वह कश्मीर मामलों में पीएम मोदी का विरोध क्यों करते हैं?

विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि विमान में महिला राहुल गांधी को अपना दर्द बयां कर रही थी। वीडियो करीब पांच साल पुराना है। श्रीनगर से दिल्ली वापस आते समय विमान में कश्मीर की एक महिला ने राहुल गांधी को अपनी तकलीफ बताई थी। उस वीडियो को अब राहुल गांधी के विरोध के गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट

एक्स यूजर Ashwini Upadhyay @UpadhyayFriends ने 25 सितंबर को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे राहुल गांधी के विरोध का बताया। वीडियो में महिला कह रही है, “छोटे-छोटे बच्चे घर से बाहर नहीं निकल पाते हैं। अगर एक-दूसरे को ढूंढने जाते हैं तो पकड़ लेते हैं। मेरा भाई हार्ट पेशेंट है, वो अपने बच्चों को ढूंढने गया, उसको दस दिन घर वालों को नहीं दिखाया की वो कहां है, क्या है। हम हर तरीके से परेशान हैं।”

फेसबुक यूजर Himanshu King ने भी 26 सितंबर को इस वीडियो को इसी तरह के दावे के साथ शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा,

विदेश में रह रहे कश्मीरी पंडितों ने हवाई जहाज में यात्रा के दौरान Rahul Gandhi को घेर कर सवाल पूछे कि वो कश्मीर के मामलों पर मोदी का विरोध क्यों करते हैं..?
इसका कोई जवाब राहुल गांधी नहीं दे पाया, राष्ट्रीय मीडिया शायद ही ये न्यूज़ दिखा पाए.

Kashmiri woman talking with Rahul Gandhi in Plane

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। 25 अगस्त 2019 को इंडिया टुडे की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें लिखा है, “श्रीनगर से वापस आते समय विमान में एक कश्मीरी महिला ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को अपनी आपबीती बताई। विमान में गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। राहुल गांधी के नेतृत्व में 12 विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल श्रीनगर में जमीनी हालात देखने कि लिए गया था, लेकिन श्रीनगर एयरपोर्ट से उनको दिल्ली वापस भेज दिया गया था। विपक्षी प्रतिनिधिमंडल ने राज्य का दौरा करने का प्रयास अनुच्छेद 370 को निरस्त किये जाने के लगभग तीन सप्ताह बाद किया था।”

Kashmiri woman talking with Rahul Gandhi in Plane

भाजपा नेता राधिका खेड़ा ने 24 अगस्त 2019 को इस वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे कश्मीर का दर्द बताया था। उस समय राधिका कांग्रेस में थीं।

एक्स यूजर अरुण सिंह ने भी 24 अगस्त 2019 को इस वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए जानकारी दी थी कि श्रीनगर से वापसी के दौरान एक महिला ने राहुल गांधी को अपनी मुश्किल बताई थी।

इससे पहले भी यह वीडियो इस दावे के साथ वायरल हो चुका है। उस समय विश्वास न्यूज ने जम्मू में दैनिक जागरण के रिपोर्टर राहुल शर्मा से बात की थी। उन्होंने कहा था कि यह वीडियो पुराना है और श्रीनगर से दिल्ली जाते समय महिला ने विमान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपनी तकलीफ बताई थी।

25 सितंबर को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में दो चरणों का मतदान हो चुका है। तीसरे और अंतिम राउंड की वोटिंग 1 अक्टूबर को होगी। इसके बाद 8 अक्टूबर को मतगणना होगी।

पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 3072 फॉलोअर्स हैं।

The post Fact Check: विमान में कश्मीरी महिला ने राहुल गांधी को सुनाई थी अपनी तकलीफ, पांच साल पुराना वीडियो गलत दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments