नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मध्य प्रदेश के खंडवा के नाम से एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें वीडियो में एक घायल महिला को देखा जा सकता है। वीडियो में यह भी कहा जा रहा है कि अर्पिता उर्फ मुस्कान को उसके पति वसीम ने फेसबुक पर फोटो अपलोड करने को लेकर जिंदा जला दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कुछ यूजर्स इसे हाल की घटना समझकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल दावा पुराना है। दरअसल, अगस्त 2020 में मध्य प्रदेश के खंडवा में वसीम ने मुस्कान को जला दिया था। वह पत्नी के फेसबुक पर फोटो अपलोड करने से नाराज था।
क्या है वायरल पोस्ट
थ्रेड यूजर sai_dewaana ने 9 सितंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“ये है खंडवा की अर्पिता जैन जो धर्म परिवर्तन करके बेगम मुस्कान शाह बनी थी कल रात इनके शौहर वसीम ने आग लगाकर जला दिया क्योकि ये मोहतरमा फेसबुक पर फोटो अपलोड करती थी।
जिस खुले विचारों और सेकुलर सोच ओर आजादी को लेकर शादी करी थी पर बदली ये थी शौहर तो वही काले टेंट वाली सोच रखता था, लड़की की हालत सामने है..
मेरा मुस्लिम बॉयफ्रेंड दूसरों से अलग है सोचने वाली मूर्ख हिंदू जैन लड़कियां मुसलमान से शादी करके इसी तरह दुखी होती है या मारी जाती है…..”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 3 सितंबर 2020 को फेसबुक यूजर Kab Hoga Nyay? ने इस वीडियो को शेयर किया है।

इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल मामला हाल-फिलहाल का नहीं है।
दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर करीब 4 साल पहले छपी खबर में लिखा है, “मुस्कान शाह उर्फ अर्पिता जैन ने पहले जैन समाज के युवक से शादी की थी। तलाक के बाद उसने वसीम से प्रेम विवाह किया। वह आदिवासी समाज से संबंध रखती है। उसका वसीम से अक्सर फेसबुक पर फोटो अपलोड करने को लेकर विवाद होता था। वसीम ने उसे केरोसिन डालकर जला दिया है। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।”

नईदुनिया की वेबसाइट पर 7 सितंबर 2021 को छपी खबर में लिखा है कि सोशल मीडिया पर अर्पिता जैन उर्फ मुस्कान शाह का मामला वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने कहा है कि यह घटना 30 अगस्त 2020 की है। मुस्कान की मौत के बाद आरोपी वसीम पर हत्या की धारा बढ़ा दी गई थी। आरोपी जेल में है। पुलिस ने भ्रामक जानकारी शेयर नहीं करने की भी अपील की है।

इस खबर को पत्रिका की वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है। इसे 8 सितंबर 2021 को पब्लिश किया गया था।

इस बारे में मध्य प्रदेश में नईदुनिया के डीएनई अरविंद दुबे का कहना है कि यह मामला करीब चार साल पहले का है। इसका हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
पुराने मामले को हाल का समझकर शेयर करने वाले थ्रेड यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 99 फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: खंडवा में चार साल पहले पति ने फेसबुक पर फोटो अपलोड करने के विवाद में पत्नी को जला दिया था, हाल का नहीं है मामला appeared first on Vishvas News.
0 Comments