What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रहा कांग्रेस विधायक के नाम पर किसी दूसरे शख्स का वीडियो

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्‍लेटफार्म पर एक बार फिर से काल्‍पनिक विधायक अनिल उपाध्‍याय का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्‍स को कांग्रेस समेत दूसरे विपक्षी दलों के खिलाफ विवादित बयानबाजी करते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्‍याय के नाम पर वायरल कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल वीडियो में जिस व्यक्ति को कांग्रेस विधायक बताया जा रहा है, वह जनशक्ति पार्टी (राष्‍ट्रीय) की टिकट से दिल्‍ली विधानसभा चुनाव लड़ चुके विनय कुमार सिंह हैं। पेश से शिक्षक विनय का कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है। उन्‍होंने खुद इस बात की पुष्टि विश्‍वास न्‍यूज के साथ की है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Jagesh Katiyar ने 7 अगस्‍त को एक वीडियो को पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “कोंग्रैस विधायक होकर सही बोला है।
सिर्फ 100 लोगो को अंन्दर करना है। इस पार्टी का इकलौता मर्द बड़े जिगर वाला है ये बंदा।”

इस वीडियो के ऊपर कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्‍याय लिखा हुआ नजर आया।

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया। इसे सच मानकर दूसरे यूजर्स भी वायरल कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्‍याय के नाम से वायरल वीडियो की सच्‍चाई पता लगाने के लिए सबसे पहले ऑनलाइन टूल इनविड का इस्‍तेमाल किया गया। इसके माध्‍यम से वीडियो के कई कीफ्रेम्‍स निकाले गए। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल की मदद से सर्च किया गया। ऑरिजिनल वीडियो हमें द न्‍यूजपेपर नाम के एक यूटयूब चैनल पर मिला। वायरल हो रहे वीडियो पर भी हमें द न्‍यूज पेपर का लोगो नजर आया। यह लोगो असली वीडियो में था। पूरा वीडियो देखने के बाद यह साबित हो गया है कि असली वीडियो के कुछ हिस्‍सों को एडिट करके कांग्रेस विधायक के नाम पर वायरल किया जा रहा है। पूरा वीडियो नीचे देखा जा सकता है।

4 मार्च 2020 को अपलोड इस वीडियो में इस शख्‍स के परिचय में उन्‍हें एक प्रोफेसर बताया गया। वीडियो में इस शख्‍स को कहीं भी कांग्रेस विधायक या अनिल उपाध्‍याय नहीं बताया गया।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए द न्‍यूजपेपर के अंश साहू से संपर्क किया। उन्‍होंने हमें स्‍पष्‍ट बताया कि कांग्रेस विधायक अनिल उपाध्‍याय के नाम से वायरल वीडियो विनय कुमार सिंह का है। यह इंटरव्‍यू काफी पुराना है।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल के अगले चरण में विनय कुमार से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वे पेशे से शिक्षक हैं। वे न तो अनिल उपाध्‍याय हैं और ना ही कांग्रेस के विधायक। उन्‍होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि वे वर्ष 2020 में दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में पटपड़गंज विधानसभा से जनशक्ति पार्टी (राष्‍ट्रीय) की टिकट से मैदान में भी उतरे थे।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए माय नेता वेबसाइट को खंगालना शुरू किया। यहां हमें पता चला कि विनय कुमार सिंह ने दिल्‍ली 2020 के चुनाव में पटपड़गंज ईस्ट से जनशक्ति पार्टी राष्‍ट्रीय से चुनाव लड़ा था।

विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पहले भी यह कई बार साबित हो चुका है कि अनिल उपाध्याय के नाम से ऐसा कोई विधायक नहीं है, जो कांग्रेस से जुड़ा हुआ हो। माय नेता वेबसाइट पर हमें अनिल उपाध्याय नाम से कई नेताओं का जिक्र मिला, लेकिन इनमें से कोई कांग्रेस से जुड़ा हुआ नहीं था।

पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। यूजर Jagesh Katiyar के पांच सौ से ज्‍यादा फ्रेंड हैं। यूजर हैदराबाद का रहने वाला है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में कांग्रेस के काल्‍पनिक विधायक अनिल उपाध्‍याय के नाम से वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। वायरल वीडियो में नजर आ रहे शख्‍स विनय कुमार हैं।

The post Fact Check : सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रहा कांग्रेस विधायक के नाम पर किसी दूसरे शख्स का वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments