What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: मुकेश अंबानी के जन्मदिन पर जियो कंपनी नहीं दे रही है ₹239 का फ्री रिचार्ज, फर्जी है वायरल लिंक

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया पर जियो कंपनी के नाम पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि जियो कंपनी ने मुकेश अंबानी के जन्मदिन पर सभी भारतीय यूजर को ₹239 का 28 दिन वाला रिचार्ज फ्री में देने का वादा किया है। पोस्ट के साथ एक लिंक भी शेयर किया गया है, जिस पर क्लिक करके आप अपने नंबर पर रिचार्ज कर सकते हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में वायरल दावे को फर्जी पाया। जियो के नाम से वायरल हो रही पोस्ट गलत है। जियो द्वारा फ्री रिचार्ज जैसा कोई ऑफर नहीं दिया जा रहा है। साइबर एक्सपर्ट का कहना है कि भूलकर भी ऐसे लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर ‘Ankita’ ने (आर्काइव वर्जन) 9 अगस्त को वायरल पोस्ट को शेयर किया है। वायरल पोस्ट में लिखा है, “*AMBANI BIRTHDAY* ऑफर *जिओ कंपनी* अपने *मुकेश अंबानी* के जन्मदिन पर दे रहा है सभी भारतीय यूजर को *₹239* का 28 दिन वाला रिचार्ज फ्री में देने का वादा किया है तो अभी निचे नीले रंग की लिंक पर क्लिक करके अपने नंबर पर रिचार्ज करे।”

फेसबुक पर कई अन्य यूजर्स ने भी समान दावे के साथ पोस्ट को शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले लिंक पर गौर किया। हमने पाया कि लिंक का यूआरएल जियो की वेबसाइट का लिंक नहीं है, बल्कि किसी दूसरी अविश्वसनीय वेबसाइट का लिंक है। जियो कंपनी की वेबसाइट का यूआरएल जियो डॉट कॉम है, जबकि वायरल लिंक का यूआरएल kur.cat है। जिससे संदेह होता है कि  यह किसी फ्रॉड वेबसाइट का लिंक है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने जियो की वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। यहां भी सर्च करने पर हमें वायरल दावे से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं मिली।

हमने दिल्ली पुलिस के साइबर सलाहकार किसलय चौधरी से संपर्क किया। हमने उनके साथ सभी पोस्ट शेयर की। उन्होंने वायरल लिंक को फर्जी बताया है। उनका कहना है कि लिंक पर क्लिक करने से फ्रॉड हो सकता है। उन्होंने हमें बताया कि साइबर क्राइम करने वाले लोगों को ठगने के लिए ऐसे लिंक बनाते हैं और उन्हें अलग-अलग लालच के साथ शेयर करते हैं। इसलिए हमें इन संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए।

समय-समय कई मशहूर लोगों और कंपनियों के नाम से ऐसे फ्रॉड लिंक वायरल किये जाते हैं।  जिनकी पड़ताल विश्वास न्यूज ने की है। आप हमारी फैक्ट चेक स्टोरी को यहां पढ़ सकते हैं।

अंत में हमने फर्जी लिंक को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 22 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो हैं।

The post Fact Check: मुकेश अंबानी के जन्मदिन पर जियो कंपनी नहीं दे रही है ₹239 का फ्री रिचार्ज, फर्जी है वायरल लिंक appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments