नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। टेक्नोलॉजी के मामले में जापान बाकी देशों से थोड़ा आगे रहता है और इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें एक बेहद खूबसूरत सफ़ेद रंग की पांच मंज़िला मोबाइल बिल्डिंग को देखा जा सकता है। तस्वीर को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह जापान की मोबाइल बिल्डिंग की फोटो है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल की जा रही तस्वीर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से बनाया गया है, यह कोई असल फोटो नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, ”जापान की पांच मंजिला मोबाइल बिल्डिंग।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहाँ देखें।
पड़ताल
पड़ताल शुरू करते हुए हमने सबसे पहले गूगल लेंस के जरिए इस तस्वीर को सर्च किया और पाया कि यह तस्वीर इंस्टाग्राम हैंडल ‘ulises.ai‘ पर 1 मई, 2023 को शेयर की गई थी।

ulises के इंस्टाग्राम हैंडल पर दी गई जानकारी के मुताबिक, ये डिजिटल क्रिएटर्स हैं।

यूलिसेस वेबसाइट पर ‘Kinetic Kingdoms’ के सेक्शन में हमें वायरल और इससे मिलती-जुलती तस्वीरें मिलीं। आर्टिकल में दी गई जानकारी के अनुसार, “Ulises Design Studio ने AI डिज़ाइन टूल मिडजर्नी के जरिये इन तस्वीरों को बनाया है।

हमने वायरल तस्वीर को एआई डिटेक्टर वेबसाइट पर भी अपलोड किया, जिसमें तस्वीर के एआई होने की 96% संभावना दिखी।

वायरल तस्वीर से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने Ulises से ईमेल के जरिये ही सम्पर्क किया और हमें रिप्लाई देते हुए उन्होंने बताया, ”यह तस्वीर AI जेनरेटेड है और इसे यूलिसेस स्टूडियो ने ही बनाया है।”
एआई निर्मित तस्वीरों को अक्सर गलत हवाले के साथ सोशल मीडिया पर फैलाया जाता रहा है, जिसका विश्वास न्यूज ने भी फैक्ट चेक किया है। रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग में हमने पाया कि यूजर को पांच हज़ार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि मोबाइल बिल्डिंग के दावे के साथ वायरल की जा रही तस्वीर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से बनाया गया है, यह कोई असल फोटो नहीं है।
The post Fact Check: जापान में मोबाइल बिल्डिंग के दावे के साथ वायरल की जा रही तस्वीर AI निर्मित है appeared first on Vishvas News.
0 Comments