What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: जनता के सामने उठक-बैठक लगाते भाजपा विधायक का वीडियो 2022 का है, हाल-फिलहाल का नहीं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक से जोड़कर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें भाजपा के कार्यक्रम में एक नेता को मंच पर उठक-बैठक करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि भाजपा विधायक ने जनता के सामने उठक-बैठक लगाई।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की तो पता चला कि यह वीडियो फरवरी 2022 का है, जब सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक भूपेश चौबे ने पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में नाराज कार्यकर्ताओं से माफी मांगी थी।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Arvind Yadav’ ने 14 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “उप्र की जनता भाजपाइयों से जो करवाने वाली है उसका रिहर्सल ये विधायक जी नेतागण कर रहे हैं। भाजपाई’ उठा-बैठक का अभ्यास कर रहे हैं क्योंकि अपने कुकर्मों की वजह से डर रहे हैं!”

BJP MLA Old Video

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। ‘NDTV India’ के यूट्यूब चैनल पर 23 फरवरी 2022 को इस बारे में एक वीडियो न्यूज पोस्ट की गई थी। इसके अनुसार, ”यह मामला यूपी के सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र का है, जहां भाजपा विधायक भूपेश चौबे पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में सबके सामने कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते हुए नजर आए। उन्हें ऐसा इसलिए करना पड़ा क्योंकि पिछले पांच साल में की गई अनदेखी से कार्यकर्ता नाराज थे।”

‘एबीपी लाइव’ की वेबसाइट पर 23 फरवरी 2022 को छपी एक रिपोर्ट में वायरल हो रहे वीडियो के कीफ्रेम्स देखे जा सकते हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक, ”विधानसभा चुनाव 2022 के सातवें चरण के मतदान से पहले रॉबर्ट्सगंज सीट से भाजपा विधायक और प्रत्याशी भूपेश चौबे लोगों के सामने उठक-बैठक करते हुए नजर आए। चुनाव प्रचार के दौरान वह कुर्सी पर खड़े हो गए और अपने कान पकड़ लिए। फिर उन्होंने कुर्सी पर ही उठक-बैठक करते हुए पांच साल में उनसे हुई गलतियों की जनता से माफी मांगी।”

BJP MLA Old Video

‘अमर उजाला’ की वेबसाइट पर 23 फरवरी 2022 को छपी एक खबर में भी वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को देखा जा सकता है।

BJP MLA Old Video

इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने विधायक भूपेश चौबे से संपर्क किया। उनके पीए धीरज केसरी का कहना है कि यह वीडियो 2022 का है, हालिया नहीं।

क्या है संदर्भ?

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सभी दल तैयारी कर रहे हैं। ‘एबीपी लाइव’ की वेबसाइट पर 13 अक्टूबर 2026 को ‘पीटीआई’ के हवाले से छपी एक खबर के अनुसार, “मौजूदा सरकार का गठन 25 मार्च 2022 को हुआ था। उस दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शपथ ली थी। वहीं, विधानसभा का प्रथम सत्र 23 मई 2022 को आयोजित हुआ था। मतलब 18वीं विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है। इससे साफ होता है कि राज्य में 22 मई 2027 से पहले नई सरकार का गठन होना है।”

पुराने वीडियो को अभी का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। एक खास विचारधारा से प्रभावित यूजर की प्रोफाइल 9 जुलाई 2022 को बनी थी और उनके करीब 6,600 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक भूपेश चौबे ने फरवरी 2022 में पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए उठक-बैठक लगाई थी। उस घटना के वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।

The post Fact Check: जनता के सामने उठक-बैठक लगाते भाजपा विधायक का वीडियो 2022 का है, हाल-फिलहाल का नहीं appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments