What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: दिल्ली विरोध प्रदर्शन का नहीं, कोलकाता के सियालदह रेलवे स्टेशन का है वायरल वीडियो

नई द‍िल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। देश की राजधानी द‍िल्‍ली में 10 और 11 अक्‍टूबर को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) का व‍िरोध-प्रदर्शन देखने को म‍िला। प्रदर्शनकारियों की भीड़ को न‍ियंत्र‍ित करने के ल‍िए सैकड़ों ट्रेन और मेट्रो स्‍टेशनों को बंद रखा गया था। अब इसी प्रदर्शन के नाम पर एक वीड‍ियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो को द‍िल्‍ली रेलवे स्‍टेशन का बताकर दावा क‍िया जा रहा है क‍ि प्रदर्शन के कारण स्टेशन के बाहर भीषण जाम लग गया।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की व‍िस्‍तार से जांच की। यह भ्रामक साब‍ित हुआ। वायरल वीडियो द‍िल्‍ली का नहीं, बल्‍क‍ि कोलकाता के सियालदह रेलवे स्‍टेशन का है। जुलाई 2026 में यहां छात्रों का एक प्रदर्शन हुआ था। उसी वक्‍त के पुराने वीड‍ियो को अब द‍िल्‍ली के प्रदर्शन के नाम पर वायरल करके झूठ फैलाया गया है। विश्वास न्यूज ने कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े कई सोशल मीडिया पोस्ट्स की पड़ताल की है। इन्हें यहां पढ़ा जा सकता है।

क्‍या है वायरल?

फेसबुक पेज ‘अतरंगी खबर’ ने 10 अक्‍टूबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “भारी प्रदर्शन और ट्रैफिक जाम: दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर उमड़ी भारी भीड़, कई यात्रियों की छूटी ट्रेनें! दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर शनिवार को एक विशाल प्रदर्शन के कारण भीषण जाम लग गया है। स्थिति यह हो गई है कि रेलवे यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, और ट्रैफिक जाम के चलते कई यात्रियों की ट्रेनें तक छूट गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सड़कों पर जनसैलाब उमड़ा हुआ था और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम निकाले। फ‍िर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जर‍िए सर्च किया गया। हमें यह वीड‍ियो पुरानी तारीख में कई जगह अपलोड किया हुआ म‍िला। ‘फारुख बिश्वास’ (faruk.biswas.581730) नाम के एक इंस्‍टाग्राम हैंडल ने 24 जुलाई 2026 को इस वीड‍ियो को कोलकाता स्‍टूडेंट प्रोटेस्‍ट का बताकर शेयर क‍िया था।

सर्च के दौरान हमें यही वीड‍ियो ‘KaimurLive’ नाम के फेसबुक पेज पर भी म‍िला। इसके साथ कैप्‍शन में ल‍िखा गया, “कोलकाता सहित देश के कई हिस्सों में छात्रों का आंदोलन जारी है। आज कोलकाता की सड़कों पर छात्रों का भारी हुजूम देखने को मिला। #NEETPaperLeak”

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए सियालदह रेलवे स्‍टेशन के बारे में सर्च करना शुरू क‍िया। हमें यूट्यूब पर एक वीड‍ियो मिला, ज‍िसमें स‍ियालदह स्‍टेशन के बाहर का ह‍िस्‍सा नजर आया। इस वीड‍ियो और द‍िल्‍ली रेलवे स्टेशन के नाम पर वायरल हो रहे वीड‍ियो में कई समानताएं नजर आईं। ध्‍यान से देखने पर दोनों वीड‍ियो में हमें स्‍टेशन के बाहर एक कैनोपी नजर आई। इसके अलावा स्टेशन पर हमें ‘अंग्रेजी बाजार’ ल‍िखा हुआ नजर आया। यद‍ि वायरल वीड‍ियो को ध्‍यान से देखा जाए, तो इसमें पीले कलर की टैक्‍सी भी नजर आई, जो आमतौर पर कोलकाता में चलती हैं।

विश्वास न्‍यूज ने जांच के दौरान ‘कैमूर लाइव’ से संपर्क क‍िया। उन्‍होंने हमें बताया क‍ि वायरल वीड‍ियो कोलकाता के सियालदह रेलवे स्‍टेशन का है और यह एक पुराना वीडियो है।

क्‍या है संदर्भ?

द‍िल्‍ली समेत देश के कई ह‍िस्‍सों में मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) अभियान के बहाने वोट चोरी का आरोप लगाकर कांग्रेस समेत कई व‍िपक्षी दल और कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन क‍िया।

द‍िल्‍ली में प्रदर्शन के दौरान हजारों लोगों को ह‍िरासत में ल‍िया गया था। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमत‍ि नहीं होने के बावजूद हजारों की संख्‍या में लोग द‍िल्‍ली के अलग-अलग इलाकों में जुटे। 10 अक्‍टूबर 2026 की ‘जागरण डॉट कॉम’ की खबर में इस बारे में व‍िस्‍तार से पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने कोलकाता के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक पेज को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को छह हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह पेज गोरखपुर से संचाल‍ित होता है। इसे 3 मई 2026 को बनाया गया था।

न‍िष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साब‍ित हुई। कोलकाता के स‍ियालदह रेलवे स्‍टेशन के पुराने वीड‍ियो को द‍िल्‍ली रेलवे स्‍टेशन का बताकर वायरल क‍िया जा रहा है। असली वीड‍ियो जुलाई 2026 का है। इसका दिल्ली में 10 और11 अक्‍टूबर 2026 को हुए प्रदर्शनों से कोई संबंध नहीं है।

The post Fact Check: दिल्ली विरोध प्रदर्शन का नहीं, कोलकाता के सियालदह रेलवे स्टेशन का है वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments