नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पंजाब की फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में 26 सितंबर 2026 की रात छात्रों ने जमकर हंगामा किया। यूनिवर्सिटी की एक छात्रा से कथित रेप का दावा सोशल मीडिया ग्रुप्स में तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए और उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की। अब इसी मामले से जोड़कर पंजाब पुलिस के एक अधिकारी का कथित वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें कहते हुए दिखाया गया है कि इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एक रिश्तेदार का हाथ है, जिसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें दिल्ली गई हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल वीडियो की जांच की। हमारी जांच में पता चला कि फगवाड़ा के पुलिस अधीक्षक मेजर सिंह ने वायरल वीडियो जैसा कोई बयान नहीं दिया है। उनके असली वीडियो में एआई से बने ऑडियो को जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है। फगवाड़ा के पुलिस अधीक्षक मेजर सिंह का वायरल वीडियो डीपफेक साबित हुआ।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘Lakshmi Kumar’ ने 28 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अमित शाह का भतीजा LPU (लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी) के GH3 हॉस्टल के कमरा नंबर 116 में हुई घटना में शामिल था। अधिकारियों का कहना है कि उसे गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली में स्पेशल टीमें भेजी गई हैं।”
वायरल वीडियो में दिख रहे पुलिस अधिकारी कह रहे हैं, “हमें सूचनाएं मिल रही हैं कि यह कांड करने वाला बीजेपी का कार्यकर्ता है और गृह मंत्री का संबंधी है। यह इंसिडेंट GH3 हॉस्टल में रूम 116 में हुआ, लेकिन अब पंजाब पुलिस पूरी तरह सतर्क है और FIR रजिस्टर हो गई है। हम एक्शन लेंगे। वह लड़का अभी दिल्ली में है, लेकिन हमारी टीम्स वहां चली गई हैं।” (गूगल जेमिनी की मदद से किया गया ट्रांसक्रिप्शन)
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। हमें इसमें ‘क्राइम तक’ का लोगो नजर आया। हमने युट्यूब पर इस चैनल पर अपलोड असली वीडियो को सर्च किया। ‘क्राइम तक’ के यूट्यूब चैनल पर 27 सितंबर 2026 को ओरिजिनल वीडियो अपलोड किया गया था। इसमें 10 सेकंड से वायरल क्लिप देखी जा सकती है। इस वीडियो में कई स्थानों पर साउंड को दबाया गया है। वीडियो में एसपी फगवाड़ा मेजर सिंह कहते हुए दिख रहे हैं, “जो … हुआ था, उसके हमने पैरेंट्स बुलाए हैं। पहले चार दिन एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट में … कर गई थी और उसके हम पेरेंट्स बुलाए हैं। बाकायदा उसका पोस्टमार्टम हुआ है। पोस्टमार्टम करने से बाद हमने उसकी बॉडी उसके परिवार के हवाले कर दी। अभी जो-जो प्वाइंट आ रहे हैं, रेप हुआ है… रेप किस लड़की के साथ हुआ? हमारे पास कोई एप्लीकेशन नहीं है। अगर रेप हुआ, किस हॉस्टल में हुआ? कौन-से लड़के ने किया? यह तो एप्लीकेशन आनी चाहिए ना? ये सिर्फ बता रहे हैं कि ऐसे-ऐसे हुआ। हम उसको बोलते हैं कौन-सी लड़की है, वीडियो है तो उसको देना चाहिए, क्लियर करना चाहिए। हम इन्वेस्टिगेशन करने के लिए रेडी हैं। उसका हम मेडिकल कराएंगे। जो विक्टिम है उसका मेडिकल होगा। मेडिकल होने के बाद कौन-से लड़के ने किया है, उसका आइडेंटिफाई करेंगे। जो बोलती है ना कि लड़की गायब है, ये हमें अब तक इन्होंने कोई भी एप्लीकेशन नहीं दिया, न ही हमारे मुद्दा ध्यान में आया है।”
ओरिजिनल वीडियो में कहीं भी वायरल हो रहा बयान नहीं सुना जा सकता है।
इससे हमें वीडियो के साथ छेड़छाड़ किए जाने की आशंका हुई। इसके बाद हमने वायरल वीडियो के ऑडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स से चेक किया। ‘हिया’ से चेक करने पर इसके 70 फीसदी एआई से बने होने की संभावना सामने आई।

इस वीडियो के बारे में अधिक पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू की टीम ने एआई डिटेक्शन टूल ‘ऑरिजिन’ की मदद से वायरल वीडियो को चेक किया। इस एनालिसिस में वीडियो के 87 फीसदी एआई से बने होने की संभावना जताई गई। इसमें 00-15 सेकंड का हिस्सा एआई संभावित बताया गया।

कपूरथला पुलिस के एक्स हैंडल से 29 सितंबर 2026 को इस वीडियो को फेक बताते हुए एक पोस्ट की गई थी।
क्या है संदर्भ?
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में एक छात्रा से कथित रेप और उसके बाद खुदकुशी करने के आरोपों के बाद छात्रों ने हंगामा कर दिया था। ‘दैनिक जागरण’ की 27 सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, “यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल के पास एक छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न के दावे के बाद लोगों ने तोड़फोड़ और आगजनी की। प्रदर्शनकारियों ने चंडीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया। वहीं, यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने इन सभी आरोपों और दावों का पूरी तरह से खंडन किया है। पुलिस ने भी इस मामले में जांच के आदेश देते हुए विशेष जांच दल (SIT) गठित कर दिया है। एक छात्रा के बयान के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धारा 64 (दुष्कर्म) के तहत मामला दर्ज कर दिया गया है।”
‘आजतक’ की वेबसाइट पर 28 सितंबर 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “कुछ छात्रों ने दावा किया कि तीन दिन पहले हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा से एक प्लंबर ने रेप किया था। आरोप है कि हॉस्टल वार्डन को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों ने दावा किया कि संबंधित छात्रा बाद में अपने घर चली गई। इसके बाद कैंपस में छात्रा से कथित रेप और आत्महत्या करने की अफवाह के मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। इसके बाद छात्रों ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया और पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया। बवाल के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 10 दिन की छुट्टी घोषित करके परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घटना का संज्ञान लेते हुए दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।”
डीपफेक वीडियो को शेयर कर गलत दावा करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। यह अकाउंट दिसंबर 2025 में बना था और इसकी लोकेशन साउथ एशिया दी गई है। दिसंबर 2025 में अकाउंट का यूजर नेम भी बदला गया था।
निष्कर्ष: पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ और आगजनी के बाद एसपी फगवाड़ा ने कथित दुष्कर्म से संबंधित शिकायत मिलने से इनकार किया था। उन्होंने ऐसा कोई वायरल बयान नहीं दिया है। असली वीडियो में एआई से बना ऑडियो जोड़कर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: LPU केस में आरोपी और अमित शाह के कनेक्शन का दावा करता एसपी का वीडियो डीपफेक है appeared first on Vishvas News.
0 Comments