नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। महिला क्रिकेट एशिया कप 2026 के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड के बीच मैच हो रहा है। न्यूजीलैंड की टीम बल्लेबाजी कर रही है और भारतीय टीम गेंदबाजी। इसी बीच एक भारतीय महिला खिलाड़ी अविश्वसनीय तरीके से कैच पकड़ती है। इस वीडियो को हालिया मैच का बताते हुए वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो फर्जी है। इसे AI टूल्स की मदद से बनाया गया है और अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। इतना ही नहीं, एशिया कप 2026 में न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम नहीं खेल रही है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘छात्र न्याय सत्याग्रह’ ने 10 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “क्रिकेट के इतिहास में ऐसा कैच न पहले कभी देखा गया, न ही आगे इसे दोहराना आसान होगा! न भूतो, न भविष्यति! ऐसा कैच देखकर बल्लेबाज़ ही नहीं, पूरा स्टेडियम भी हैरान रह गया!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

कई मशहूर हस्तियां और बड़े पेज भी इस वीडियो को सच समझकर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर शेयर कर रही हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल पर सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली और न ही एशिया कप 2026 में हमें न्यूजीलैंड के खेलने की कोई रिपोर्ट मिली। हमने जब वीडियो को गौर से देखा तो पाया कि जिस तरीके से भारतीय महिला खिलाड़ी कैच पकड़ने के लिए फ्लिप करती है, वह बनावटी है। इतना ही नहीं, इस वीडियो में नजर आ रहा स्कोर बोर्ड भी काफी अटपटा और गलत है। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने सबसे पहले एआई डिटेक्शन टूल ‘Hive Moderation’ की मदद से वायरल वीडियो को सर्च किया। टूल के एनालिसिस के मुताबिक, इस वीडियो के एआई से बने होने की 84 फीसदी संभावना है। इतना ही नहीं, टूल ने ‘seedance2’ की मदद से वायरल वीडियो के बने होने के संकेत दिए।

इसके बाद हमने इस वीडियो को चेक करने के लिए एआई डिटेक्शन टूल ‘Bitmind’ का इस्तेमाल किया। इस टूल ने वायरल वीडियो के एआई से बने होने की 100 फीसदी संभावना जताई।

हमने वीडियो को एक अन्य एआई डिटेक्शन टूल्स ‘fauxlens’ की मदद से सर्च किया। इस टूल ने 95 फीसदी तक वीडियो के एआई की मदद से बने होने की संभावना जताई।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो को लेकर ‘दैनिक जागरण’ के स्पोर्ट्स एडिटर अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है और इस वीडियो को एआई टूल से बनाया गया है।
क्या है संदर्भ?
महिला एशिया कप 2026 की शुरुआत 28 अगस्त 2026 से हुई थी। यह संयुक्त अरब अमीरात में खेला जा रहा है। थाईलैंड, हांगकांग, यूएई और इंडोनेशिया की टीमें बाहर हो चुकी हैं। अब यह कप अपने अंतिम पड़ाव की ओर है। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। फाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय महिला टीम और बांग्लादेश के बीच मैच होगा। तो वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान की महिला टीम का मैच श्रीलंका के साथ होगा। सेमीफाइनल में जो भी टीमें जीतेंगी, वो फाइनल खेलेंगी। पूरी रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को करीब 700 लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को बिहार का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अविश्वसनीय तरीके से कैच पकड़ती महिला खिलाड़ी का वायरल वीडियो फर्जी है। इसे एआई टूल्स की मदद से बनाकर तैयार किया गया है और अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: अविश्वसनीय तरीके से कैच पकड़ती भारतीय महिला खिलाड़ी का वीडियो AI निर्मित appeared first on Vishvas News.
0 Comments