नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में भले अभी कुछ वक्त बचा हो, लेकिन स्थानीय नेताओं के बीच आपसी बयानबाजी शुरू हो गई है। पिछले दिनों समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) अध्यक्ष जयंत चौधरी का नाम लिए बिना कहा था, “जाने कहां-कहां से आ गए थे गठबंधन वाले। हमने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी हमें छोड़कर चले गए।” इस बयान पर आरएलडी ने आपत्ति जताई थी।
अब इसी से जोड़कर समाजवादी पार्टी के संस्थापक और दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो में उन्हें नीचे बैठकर पूर्व प्रधानमंत्री और किसान नेता चौधरी चरण सिंह के लिए हुक्का बनाते हुए देखा जा सकता है। जयंत चौधरी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पोते हैं। इस तस्वीर को असली मानकर सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वायरल तस्वीर फर्जी है। असली तस्वीर में चौधरी चरण सिंह किसानों के साथ हैं। ओरिजिनल फोटो में मुलायम सिंह यादव नहीं हैं। एआई की मदद से असली तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर वायरल फोटो को बनाया गया है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Shokindra Chowdhury’ ने 17 अगस्त 2026 को वायरल तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “जिनकी जिंदगी चौधरियों की चिलम भरने में गुजर गई आज उनकी मं**** औलाद चवन्नी अठन्नी बता रहे हैं …वैसे चिलम भरने में एक्सपर्ट था यो क*** चो**! ख़ैर जान भी तो चौधरी साहब ने ही बचाई थी चिलम ना भरता तो ह** के पास होता!..ध्यान रहे टे* ना** इस बार बहुत बुरे पे*** जाओगे”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स इसकी कलर इमेज भी इसी दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें असली तस्वीर ‘charan singh’ नाम की वेबसाइट पर मिली। असली तस्वीर में चौधरी चरण सिंह किसानों के साथ हैं। इसमें मुलायम सिंह यादव नहीं हैं।

दोनों तस्वीरों के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

ऐसे में हमें वायरल फोटो के साथ एआई की मदद से बने होने का संदेह हुआ। हमने ‘Hive Moderation’ की मदद से फोटो को सर्च किया। हाइव के एनालिसिस में वायरल तस्वीर के एआई से बने होने के करीब 97 फीसदी संकेत मिले।

इसके बाद हमने ‘Truthscan’ का इस्तेमाल किया और इस टूल ने वायरल फोटो के एआई से बने होने की करीब 93 फीसदी संभावना जताई।

तस्वीर को हमने तीसरे टूल ‘Sight Engine’ की मदद से भी जांचा। इस टूल ने भी फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट डॉ. अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल तस्वीर में मुलायम सिंह के चेहरे की बनावट काफी अटपटी है। उनके चेहरे के हाव-भाव भी काफी रोबोटिक हैं। इससे यह पता चलता है कि वायरल फोटो को एआई की मदद से बनाया गया है।
क्या है संदर्भ?
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ‘अवंतीबाई लोधी’ की जयंती के मौके पर लखनऊ में पार्टी के कार्यालय में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपने पूर्व सहयोगियों के बारे में कहा, “जाने कहां-कहां से आ गए थे गठबंधन वाले। हमने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी हमें छोड़कर चले गए।” आरएलडी का आरोप है कि अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी पर यह आपत्तिजनक टिप्पणी की है। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है। साल 2022 में सपा और आरएलडी ने गठबंधन में विधानसभा का चुनाव लड़ा था। इस गठबंधन में जयंत चौधरी की पार्टी को 33 सीटें दी गई थीं और आरएलडी ने 8 में जीत हासिल की थी। वहीं, साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में आरएलडी ने सपा गठबंधन का साथ छोड़ दिया था और भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़ गए थे। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ने प्रोफाइल में खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि हुक्का बनाते मुलायम सिंह यादव की तस्वीर असली नहीं, बल्कि फेक है। इस फोटो को एआई की मदद से बनाया गया है। असली तस्वीर में चौधरी चरण सिंह किसानों के साथ हैं।
The post Fact Check: पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह के लिए हुक्का बनाते मुलायम सिंह यादव की वायरल तस्वीर है AI मैनिपुलेटेड appeared first on Vishvas News.
0 Comments